मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल में विरिंग्यम अंतरराष्ट्रीय गहन समुद्री बहुउद्देशीय बंदरगाह राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
- प्रधानमंत्री मोदी आज शाम आंध्र प्रदेश में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का भारत का सपना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान से भी प्रेरित होना चाहिए।
- भारत और यूरोपीय संघ ने 2025 के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते को पूरा करने की पुष्टि की।
- दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित, बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत।
- आईपीएल क्रिकेट में आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
********
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तिरूवनंतपुरम में विरिंग्यम गहन समुद्री बहुद्देशीय अंतर्राष्ट्रीय बंदरगाह का उद्घाटन किया। यह भारत का पहला अर्ध-स्वचालित बंदरगाह है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह भारत के समुद्री आधारभूत ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अभी इस ट्रांसशिपमेंट हब की जो क्षमता है वो भी आने वाले समय में बढ़कर के तीन गुनी हो जाएगी। यहां दुनिया के बड़े मालवाहक जहाज आसानी से आ सकेंगे। जो पैसा बाहर जाता था वो केरला और विरिंग्यम के लोगों के लिए नई इक्नॉमिक ऑपुर्चनिटी लेकर आएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विरिंग्यम बंदरगाह नए युग के विकास का एक बेहतरीन मॉडल है।
देश के मेरिटाइम सेक्टर को नई ऊंचाई देने में प्राइवेट सेक्टर का भी अहम योगदान है। पब्लिक, प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत पिछले दस वर्षों में हजारों करोड़ रूपए का निवेश हुआ है। इस भागीदारी से ना केवल हमारे पोर्ट ग्लोबल स्टेंडर्ड पर अपडेट हुए हैं बल्कि वो फ्यूचर रेडी भी बने हैं। प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी से इनोवेशन एवं एफिशिएंसी दोनों को बढावा मिला है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने बंदरगाह के संचालन भवन का दौरा किया और नियंत्रण प्रणालियों का निरीक्षण किया।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विरिंग्यम् बंदरगाह ने तीसरी सहस्राब्दी की विकास संभावनाओं के द्वार खोल दिये हैं। विरिंग्यम् बंदरगाह परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत आठ हजार नौ सौ करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित किया गया है।
********
प्रधानमंत्री मोदी आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा का दौरा करेंगे और राज्य की राजधानी अमरावती के निर्माण कार्य को फिर से शुरू करने की आधारशिला रखेंगे। इस कार्यक्रम में राज्य भर से चार लाख से ज़्यादा लोग शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश में 58 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क और रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। एक रिपोर्ट-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम अमरावती के निर्माण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री दिन के 3 बजे विजयवाड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे और उद्घाटन समारोह के लिए अमरावती के वेलगापुडी जाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह आयोजन आंध्र प्रदेश के लिए एक नए युग की शुरुआत है जो 6 साल के बाद अपनी राजधानी के विकास में प्रगति देख रहा है। राजधानी के लिए भूमि पूलिंग प्रणाली के अंतर्गत स्वेच्छा से अपनी जमीन देने वाले किसान न केवल गर्व महसूस कर रहे हैं बल्कि यह भी उम्मीद कर रहे हैं कि अमरावती आंध्र प्रदेश के भविष्य के लिए विकास का इंजन बनेगा। विजयवाड़ा से साई सिस्टला की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
********
वेव्स सम्मेलन
वेव्स शिखर सम्मेलन में वैश्विक मीडिया संवाद आज सुबह मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में प्रारंभ हुआ। यह आयोजन वैश्विक मीडिया और मनोरंजन परिदृश्य के साथ भारत के जुड़ाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल चार दिवसीय वेव्स शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया था। सूचना और प्रसारण मंत्रालय वैश्विक मीडिया संवाद का आयोजन विदेश मंत्रालय के सहयोग से कर रहा है।
विदेश मंत्री डॉ सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रौद्योगिकी और परंपरा को मिलकर साथ-साथ चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी देश की अनमोल विरासत के बारे में जागरूकता को बढावा दे सकती है। उन्होंने कहा कि नवाचार ऊंचाई तक पहुंचने की कुंजी है, जो 2047 तक एक विकसित भारत का निर्माण करेगी।
इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मीडिया और मनोरंजन उद्योग जगत का बाजार लगभग तीस खरब अमरीकी डॉलर का है। उन्होंने कहा कि संस्कृति ही रचनात्मकता को प्रेरित करती है और यह सीमाओं के पार भी लोगों को जोड़ देती है।
इस कार्यक्रम के दौरान सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन तथा सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू भी उपस्थित थे।
********
महिला उद्यमी नीता अंबानी ने कहा है कि भारत एक मानवतावादी देश है, जिसने अपने दर्शन, ज्ञान और शिक्षकों के माध्यम से दुनिया को बुद्धिमत्ता दी है। वे आज मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान एक पैनल चर्चा को संबोधित कर रही थीं।
********
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने कहा है कि भारत में पर्याप्त संख्या में मूवी स्क्रीन नहीं हैं। वे आज मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान एक पैनल चर्चा को संबोधित कर रहे थे।
फिल्म निर्माता रितेश सिधवानी ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि वेव्स ने एक ऐसा अवसर प्रस्तुत किया है, जो भारतीय सिनेमा को पहले कभी नहीं मिला और इसने दुनिया का ध्यान भारत की तरफ आकृष्ट किया है।
********
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि वरिष्ठ नागरिक परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और वे परिवार के लिए भावनात्मक स्तंभ की तरह काम करते हैं। राष्ट्रपति भवन में आज एजिंग विद डिग्निटी नामक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि समाज के मार्गदर्शन के लिए वरिष्ठ नागरिकों की सलाह महत्वपूर्ण है।
********
विदेश मंत्रालय ने भुवनेश्वर के के.आई.आई.टी. विश्वविद्यालय के एक नेपाली छात्र की दुखद मौत पर दुख व्यक्त किया है। मंत्रालय ने कहा कि वे ओडिशा राज्य सरकार के साथ लगातार संपर्क में है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओडिशा सरकार ने मृतक के परिवार को पूरा सहयोग दिया है और ओडिशा पुलिस द्वारा इस मामले की गहन जांच की जा रही है।
********
वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल तथा यूरोपीय व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस शेफकोविक ने 2025 के अंत तक भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता-एफटीए संपन्न करने के अपने साझा संकल्प को फिर से दोहराया है। कल बेल्जियम के ब्रसेल्स में हुई एक बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने वैश्विक व्यापार चुनौतियों को हल करने के लिए विचार विमर्श किया।
श्री गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि बैठक में व्यवसायों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने, विश्वसनीय और विविध आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ावा देने और दोनों अर्थव्यवस्थाओं को गति देने के लिए साझेदारी को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
********
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने आज भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के साथ भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। प्रतिनिधिमंडल इसके लिए वियतनाम पहुंचा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में श्री रिजिजू ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल का वियतनाम सरकार द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। यह साझा आध्यात्मिक मूल्यों और सभ्यतागत संबंधों का प्रमाण है।
********
बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए क्रूर आतंकवादी हमलों में मारे गए लोगों की याद में श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक स्मरण समारोह आयोजित किया। उच्चायुक्त प्रणय वर्मा के साथ बांग्लादेश में नेपाल के राजदूत घनश्याम भंडारी भी पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने में शामिल हुए।
********
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नई दिल्ली में दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर सेवा – देवी सेवा के तहत 400 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिल्ली सरकार की पहल की सराहना की।
********
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तेज वर्षा और आंधी से कई दिनों से चल रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली, लेकिन बारिश के कारण जलभराव, पेड़ उखड़ने और यातायात में बाधा उत्पन्न हुई।
द्वारका क्षेत्र के खरखड़ी नहर गांव में खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे पर पेड़ गिरने से एक महिला और उसके 3 बच्चों की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया।
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे दिल्ली में जलभराव वाले स्थानों की पहचान करें और समाधान सुनिश्चित करें।
इन अव्यवस्थाओं को ठीक करने के लिए सरकार पूरी तरीके से तत्पर है, सड़कों पे हैं, अधिकारी काम कर रहे हैं, प्रशासन दुरूस्त है। और समय के साथ–साथ इन सारी व्यवस्थाओं को ठीक करना हमारी जिम्मेदारी है।
********
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में मूसलाधार वर्षा, आंधी और तेज हवाओं के अनुमान के साथ दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मौसम विज्ञान महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर, उत्तर-पश्चिम और उत्तर पूर्वी क्षेत्रों सहित देश के विभिन्न हिस्सों में इसी तरह की स्थिति बने रहने की उम्मीद है।
********
आई.पी.एल. क्रिकेट में आज गुजरात टाइटन्स का मुकाबला अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा।
कल, मुंबई इंडियंस ने जयपुर में राजस्थान रॉयल्स को सौ रन से हरा दिया।
********
आकाशवाणी रविवार को खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के उद्घाटन समारोह की लाइव कमेंट्री करेगा। कार्यक्रम शाम पांच बजकर पचपन मिनट से शुरू होगा। यह न्यूज़ऑनएयर ऐप, प्रसारभारती स्पोर्ट्स यूट्यूब चैनल और डीटीएच पर उपलब्ध होगा।
********
मुख्य समाचार एक बार फिर :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल में विरिंग्यम अंतरराष्ट्रीय गहन समुद्री बहुउद्देशीय बंदरगाह राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने इसे भारत के समुद्री बुनियादी ढांचे के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
- प्रधानमंत्री मोदी आज शाम आंध्र प्रदेश में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा- वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का भारत का सपना प्रौद्योगिकी के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान से भी प्रेरित होना चाहिए।
- भारत और यूरोपीय संघ ने 2025 के अंत तक मुक्त व्यापार समझौते को पूरा करने की पुष्टि की।
- दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित, बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत।
- आईपीएल क्रिकेट में आज शाम अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
********