Download
Mobile App

android apple
signal

April 26, 2025 3:43 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए, उन्‍होंने कहा – देश की अर्थव्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और आधुनिक बुनियादी ढांचे को विकसित करने की बड़ी जिम्मेदारी युवाओं पर है।

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और  आतंकवाद के सभी रूपों का मुकाबला करने का आह्वान किया।

  • गुजरात के अहमदाबाद और सूरत में बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियानों में साढे पांच सौ से अधिक अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लिया गया। इनमें मुख्य रूप से बांग्लादेश के नागरिक हैं। ,

  • आकाशवाणी ने मुंबई में इंडिया ऑडियो समिट अवार्ड्स 2025 में विभिन्न श्रेणियों में छह पुरस्कार जीते।

  • रोम के सेंट पीटर्स स्क्वायर में पोप फ्रांसिस का आज अंतिम संस्कार किया जा रहा है। विश्व के नेता और हजारों श्रद्धालु शामिल हैं।

  • आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा।

 

——-

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जब युवा राष्ट्र निर्माण में भाग लेते हैं तो राष्ट्र तेजी से विकास करता है और विश्व में अपनी पहचान भी बनाता है। उन्होंने कहा कि देश के युवा अपनी मेहनत और नवाचार से दुनिया को दिखा रहे हैं कि देश में कितनी संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज विभिन्न सरकारी विभागों में और संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मेले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद बोल रहे थे।

 

 

आप का दायित्‍व देश के आर्थिक तंत्र को मजबूत करना है। आपका दायित्‍व देश में आधुनिक इंफ्रास्‍ट्रेक्‍चर निर्माण का है। आपका दायित्‍व श्रमिकों की जीवन में मूलभूत बदलाव लाने का है। अपने कार्यों को आप जितनी ईमानदारी से पूरा करें उसका उतना ही सकारात्‍मक प्रभाव विकसित भारत की यात्रा में नजर आयेगा।

 

प्रधानमंत्री ने मुंबई में आयोजित होने वाले विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन वेव्स 2025 के बारे में भी कहा कि इस आयोजन के केंद्र में भी देश के युवा हैं।

 

 

कुछ ही दिन बाद मुंबई में वर्ल्‍ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट यानी वेव्‍स 2025 का आयोजन होने जा रहा है। मीडिया, गेमिंग और एंटरटेनमेंट फील्‍ड के इनोवेटर्स के लिए यह प्रतिभा दिखाने का अभूतपूर्व अवसर है। यह एक ऐसा प्‍लेटफॉर्म होगा जहां एंटरटेनमेंट से जुड़े स्‍टार्टअप्‍स को इन्‍वेस्‍टर्स और इंडस्ट्रियल लीडर से जुड़ने का मौका मिलेगा।

 

श्री मोदी ने कहा कि देश की महिलाएं नौकरशाही, अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं।

 

 

आज भारत के युवाओं की सफलता में सबसे सराहनीय बात है उसकी इनक्‍लूजीवीटी भारत आज जो कीर्तिमान गढ़ रहा है। उसमें हर वर्ग की भागीदारी बड़ रही है। अभी कुछ ही दिन पहले यूपीएससी का रिजल्‍ट आया है। उसमें भी टॉप टू पोजिशन बेटियों ने हासिल की है। टॉप-5 में 3 टॉपर बेटियां हैं।

 

रोजगार सृजन को उच्‍च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप 15वां रोजगार मेला आज देशभर में 47 स्थानों पर आयोजित किया गया।

 

——

केंद्रीय रेल, सूचना प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव और कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में 15वें रोजगार मेले के अंतर्गत विभिन्न विभागों में चयनित नवनियुक्तों को नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने नवनियुक्तों को बधाई देते हुए कहा कि नव-चयनित कर्मचारी, भारत सरकार के उन पदों पर काम करेंगे जो देश के भविष्य को आकार देंगे।

 

आप जो आज सरकारी नौकरी के अंदर प्रवेश करे रहे हो। आप उस मोड पर खड़े हो जहां पर अनेक संभावनाएं लेकिन उनके चैलेंजस हैं। आप जब रिटायरमेंट की ऐज तक पहुंचोगे तब आप भारत एक नया विकसित भारत देखोगे और ये फाउंडेशन, यह सपना, यह संकल्‍प हमारे नरेन्‍द्र मोदी जी का है।

 

———-

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि पहलगाम जैसे आतंकी हमलों की कड़ी निंदा की जानी चाहिए। श्री पुरी आज मोहाली में एमिटी यूनिवर्सिटी में 15वें रोजगार मेले में भाग लेने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे।

 

 

क्रॉस बॉर्डर टेररिस्‍ट है अनलीशेड बाई नेबरिंग स्‍टेट और उनको इसका पूरी जिम्‍मेदारी तो उनके लोग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के आप ब्‍यान देखिए जो उन्‍होंने बिहार में भी कहा, इसका वंश एण्‍ड फॉर ऑल पाकिस्‍तान विल हैव टू पे अ वेरी हेवी प्राइस और अभी तो यह शुरूआत है क्‍योंकि ये जो टेररिस्‍ट होते हैं दे टेक अवे मोस्‍ट फंडामेंटल राइट।

 

श्री पुरी ने देश के युवाओं को आश्वासन दिया कि सरकार उन्हें अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। आकाशवाणी से दो लाभार्थियों ने अपनी खुशी साझा की।

 

 

मेरा नाम उर्वशी है और मैं एजएन हवलदार सिलेक्‍ट हुई हूं जीएसटी डिपार्मेंट और आज मोदी जी ने हमें एक अच्‍छा नागरकि और अपनी ड्यूटी को अच्‍छे से सर्व करने का लेसन दिया और एक स्‍लोगन दिया ‘नागरिक देवो भव’ जिस पर हम पूर्णरूप से काम करें। हिमांशु मेरा नाम है और मैं चंडीगढ़ से आया हूं और मैं प्रोविजनली ऑफिसर सेलेक्‍ट हुआ हूं इन इंडियन ऑवर्सिस बैंक और ये मेरी फस्‍ट अटेम था और मैं आज बहुत खुश हूं।

 

——-

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस बात पर जोर दिया है कि देशभर में महिलाएं सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। आज नई दिल्ली में रोजगार मेले के 15वें चरण के तहत नियुक्त लोगों को संबोधित करते हुए उन्‍होंने बताया कि ‘नमो ड्रोन दीदी’ पहल के तहत 15 हजार से अधिक महिलाओं को ड्रोन तकनीक से लैस किया गया है।

 

 

हमारी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि महिलाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिले और आर्थिक स्वावलंबन के साथ पूरे समाज में अपना महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाए। 10 करोड़ महिलाएं एसएजी से जुड़ी हैं वो आत्‍मनिर्भर बन गई हैं और उन 10 करोड़ में से एक करोड़ महिलाएं जो लखपति दीदी बनी है।

 

——-

पश्चिम बंगाल में शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने नवनियुक्‍तों को 25 नियुक्ति पत्र सौंपे।

 

—–

कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने पटना में रोजगार मेले में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

 

——

 

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। परिषद के सदस्यों ने कहा कि आतंकवाद वैश्विक शांति के लिए बड़ा खतरा है और इसके सभी रूपों का मुकाबला किया जाना चाहिए।

 

परिषद ने पहलगाम हमले के अपराधियों, समर्थकों और प्रायोजकों को सजा दिलाने का आह्वान किया। परिषद ने सभी देशों से अंतरराष्ट्रीय कानून के अंतर्गत इस मामले में सहयोग का भी आग्रह किया। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि संगठन स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है।

 

——

 

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने स्वीकार किया है कि देश ने तीन दशक तक आतंकवादी समूहों का समर्थन किया है। ब्रिटिश समाचार चैनल को दिए गए साक्षात्कार में जब उनसे इस्लामाबाद के आतंकवादी संगठनों को वित्तपोषित करने और उनका समर्थन करने के इतिहास के बारे में पूछा गया तब उन्‍होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान पश्चिमी देशों की ओर से “घृणित कार्य” में शामिल था।

 

पाकिस्‍तान के रक्षा मंत्री की यह स्वीकारोक्ति जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर आई है।

 

——

 

जर्मनी में बर्लिन में भारतीय दूतावास ने पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों की स्मृति में कल एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

——-

 

जम्मू-कश्मीर में कल रात नियंत्रण रेखा के पास कई स्थानों पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन किया गया। अकारण किए गए इस उल्लंघन का भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। घटना में भारत की ओर से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। सेना स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और आतंकियों की धरपकड़ के लिए घाटी में तलाशी अभियान चला रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी इस आतंकी हमले की जांच कर रही है।

 

———–

 

इस बीच, जम्‍मू कश्‍मीर में श्री माता वैष्‍णो देवी मंदिर की सुरक्षा के लिए जम्‍मू के रियासी जिले के कटरा में स्थित एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र अगले महीने के पहले सप्‍ताह से
सक्रिय हो जाएगा। श्री माता वैष्‍णो देवी श्राइन बोर्ड ने कल इस संबंध में एक संयुक्‍त समीक्षा बैठक की। केवल अधिकृत पिट्ठू और खच्‍चर वालों को अपनी सेवाएं देने की अनुमति दी जाएगी।

—–

 

गुजरात में आज अहमदाबाद और सूरत में चलाए गए अभियानों में पांच सौ 50 से अधिक अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लिया गया। अहमदाबाद में अवैध रूप से रह रहे चार सौ 50 से अधिक अप्रवासियों को आज सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनमें मुख्य रूप से बांग्लादेश के लोग शामिल हैं।  अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल ने बताया कि चार सौ 57 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया है।

सूरत में भी व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया और सौ से अधिक बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। ये लोग फर्जी दस्तावेजों के जरिए वर्षों से शहर में रह रहे थे।

 

——-

 

तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के शिवकाशी में एक पटाखा फैक्‍ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है और पांच अन्‍य घायल हुए हैं। यह घटना तब हुई जब फैक्‍ट्री में कैमिकल्‍स को मिलाया जा रहा था। फैक्‍ट्री में दो सौ से अधिक श्रमिक काम करते हैं। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

 

——

 

प्रधानमंत्री कल दिन के 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 121वीं कड़ी होगी।

आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन मोबाइल ऐप पर कार्यक्रम सीधे प्रसारित होगा।

 

——–

 

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के दिशा-निर्देश और ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया।

श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में पांच गुना और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में छह गुना की वृद्धि हुई है।

 

——–

 

आकाशवाणी ने इंडिया ऑडियो समिट एंड अवार्ड्स 2025 में विभिन्न श्रेणियों में कुल छह पुरस्कार जीते हैं। रेडियो और श्रव्य कार्यक्रम निर्माण में उत्कृष्टता को मान्यता देने वाले पुरस्कार समारोह का कल रात मुंबई में आयोजन किया गया। एक रिपोर्ट

 

 

आकाशवाणी को मिले शीर्ष पुरस्कारों में, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के कार्यक्रम ‘नई सोच नई कहानी- अ रेडियो जर्नी विद स्मृति ईरानी’ को रेडियो का सीरीज़ ऑफ द ईयर घोषित किया गया। 13 एपिसोड की इस श्रृंखला में विशेष रूप से महिलाओं के धैर्य और दृढ़ संकल्प की कहानियां दोहरायी गईं हैं। इस श्रृंखला का समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ एक विशेष साक्षात्कार के साथ हुआ। इसे पिछले साल राष्ट्रपति भवन में रिकॉर्ड किया गया था।

समाचार सेवा प्रभाग के लोकप्रिय साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम पब्लिक स्पीक को स्वास्थ्य और फिटनेस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ ऑडियो कार्यक्रम के रूप में मान्यता दी गई।

 

सर्वश्रेष्‍ठ लेट नाईट शो श्रेणी में छायागीत को पुरस्‍कृत किया गया है। ‘उजाले उनकी यादों के’ को बेस्ट सेलेब्रिटी शो ऑन एयर का खिताब मिला और ‘सफरकास्ट’ को बेस्ट ट्रैवल शो का पुरस्कार मिला।

 

आकाशवाणी ने शॉर्ट-फॉर्म ऑडियो कंटेंट में अपनी रचनात्मक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्‍ठ अंतरालीय पुरस्कार भी जीता।

 

 

आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौर इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति रहीं। डॉ. गौर ने ऑडियो उद्योग में क्रांति पर प्रकाश डाला। उन्‍होंने बताया कि लोकसेवा प्रसारक के रूप में आकाशवाणी जन हित को बनाए रखते हुए उन्हें ‘सूचित, शिक्षित और मनोरंजन’ करने के मिशन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि आकाशवाणी विश्वसनीयता के लिए जाना जाता है और एक प्रकाश स्तंभ की तरह कार्य करता है। मुंबई से आदित्‍य शुक्‍ला की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार बल

 

——

वेटिकन सिटी के सेंट पीटर स्क्वायर में पोप फ्रांसिस का अंतिम संस्कार हो रहा है।

 

म्‍यूजिक फ्यूनरल पोप

इसमें विश्व के नेता, गणमान्य व्यक्ति और हजारों श्रद्धालु शामिल हैं। वैश्विक रोमन कैथोलिक चर्च के प्रमुख को रोम में सेंट मैरी मेजर के बेसिलिका में दफनाया जा रहा है।

पोप फ्रांसिस को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रोन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

——-

प्रसिद्ध इतिहासकार और भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एमजीएस नारायणन का आज सुबह कोझिकोड में निधन हो गया। वे 92 वर्ष के थे।

 

——-

आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता नाईट राईडर्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

——

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए, उन्‍होंने कहा – देश की अर्थव्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने और आधुनिक बुनियादी ढांचे को विकसित करने की बड़ी जिम्मेदारी युवाओं पर है।

  • संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जम्मू-कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और  आतंकवाद के सभी रूपों का मुकाबला करने का आह्वान किया।

  • गुजरात के अहमदाबाद और सूरत में बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियानों में साढे पांच सौ से अधिक अवैध अप्रवासियों को हिरासत में लिया गया। इनमें मुख्य रूप से बांग्लादेश के नागरिक हैं। ,

  • आकाशवाणी ने मुंबई में इंडिया ऑडियो समिट अवार्ड्स 2025 में विभिन्न श्रेणियों में छह पुरस्कार जीते।

  • रोम के सेंट पीटर्स स्क्वायर में पोप फ्रांसिस का आज अंतिम संस्कार किया जा रहा है। विश्व के नेता और हजारों श्रद्धालु शामिल हैं।

  • आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा।

 

*****