April 22, 2025 3:28 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सऊदी अरब की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए। उन्होंने कहा- भारत सऊदी अरब के साथ दीर्घकालिक और ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देता है।

  • उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- संसद सर्वोच्‍च है और निर्वाचित प्रतिनिधि संविधान की विषय-वस्तु के अंतिम निर्धारक है।

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा- 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की भारत की यात्रा केवल एक आकांक्षा नहीं बल्कि एक साझा राष्ट्रीय मिशन है।

  • जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में राहत अभियान जोरों पर।

  • मौसम विभाग ने बिहार के 31 जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया।

  • आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना डेल्‍ही कैपिटल्स से होगा।

******

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो गए हैं। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर श्री मोदी की सऊदी अरब की यह तीसरी यात्रा दोनों देशों के बीच गहरी रणनीतिक साझेदारी को दर्शाती है।

 

प्रधानमंत्री ने अपने प्रस्थान वक्तव्य में कहा कि भारत सऊदी अरब के साथ अपने दीर्घकालिक और ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देता है। श्री मोदी ने क्षेत्रीय शांति, समृद्धि और सुरक्षा को बढ़ावा देने में दोनों देशों के साझा हितों पर जोर दिया। उन्होंने सऊदी अरब में भारतीय समुदाय से जुड़ने की उत्सुकता व्यक्त की। श्री मोदी ने प्रवासी समुदाय को एक जीवंत सेतु कहा जो दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों को मजबूत करता है।

 

अरब न्यूज़ के साथ एक साक्षात्कार में, श्री मोदी ने सऊदी अरब को एक “विश्वसनीय मित्र और रणनीतिक सहयोगी” बताया तथा क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के नेतृत्व और दृष्टिकोण 2030 पहल की प्रशंसा की। उन्होंने ऊर्जा, कृषि, उर्वरक, हरित हाइड्रोजन और प्रौद्योगिकी सहित प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर प्रकाश डाला। श्री मोदी ने प्रस्तावित भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे के रणनीतिक महत्व को भी रेखांकित किया। ब्‍यौरा हमारे पश्चिम एशिया संवाददाता से…..

 

भारत का सऊदी अरब को निर्यात 11.56  अमेरिकन डॉलर है, जबकि आयात 31.42  तक पहुंचा। दोनों देशों के बीच सदियों पुराने आर्थिक और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित घनिष्ठ और मित्रवत संबंध हैं। प्रधानमंत्री मोदी की जेद्दा यात्रा से कई नए समझौतों की उम्मीद है, जो क्षेत्रीय स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा, रक्षा और आर्थिक विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करेंगे। यह यात्रा भारतीय और सऊदी नेतृत्व के लिए गाजा की स्थिति और इजरायल-हमास संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर बातचीत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी प्रस्तुत करती है। चर्चाओं के केंद्र में व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, सुरक्षा, निवेश, प्रवासी समुदाय, संस्कृति और क्षेत्रीय सहयोग होंगे। एक प्रमुख ध्यान प्रस्तावित इंडिया-मिडिल ईस्‍ट इक्‍नॉमिक कॉरिडोर पर होगा। इस कॉरिडोर में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, रोजगार पैदा करने और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने की क्षमता है। सऊदी अरब के लिए, यह उनकी अर्थव्यवस्थाओं को ऊर्जा निर्यात से परे विविधता देने के व्यापक लक्ष्यों के अनुरूप है। आइए भारत के विदेश सचिव को इस पर सुनें।

 

प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा पर जेद्दा में भारतीय प्रवासी समुदाय ने अत्यधिक उत्साह और गर्व व्यक्त किया है। वाक्‍सपॉप-प्रवासी भारतीय समुदाय-(अंग्रेजी)

 विनोद कुमार, आकाशवाणी न्‍यूज, जेद्दा।

******

भारत की यात्रा पर आये अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने अपने परिवार के साथ आज जयपुर के भव्य एतिहासिक आमेर किले का दौरा किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने किले में उनका स्वागत किया। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से…

 

श्री वेंस अपने परिवार के साथ आज सुबह करीब 9 बजे यूनेस्‍को विश्‍व धरोहर स्‍थल पहुंचे। वेंस परिवार के स्‍वागत के लिए राजस्‍थान के पारंपरिक कच्‍छी घोड़ी, घूमर और कालबेलिया लोकनृत्‍यों की प्रस्‍तुति दी गयी। इस प्रस्‍तुति में वेंस परिवार को राजस्‍थान की जीवंत संस्‍कृति की झलक देखने को मिली। श्री वेंस आज दोपहर जयपुर में भारत-अमरीका व्‍यापार संबंधों के भविष्‍य पर बिजनेस समिट को संबोधित करेंगे। जयपुर से जितेन्‍द्र द्विवेदी की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से, राजेश मीणा।

******

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनने का सफर एक आकांक्षा नहीं है, बल्कि एक साझा राष्ट्रीय मिशन है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत मिशन समावेशी, टिकाऊ और नवाचार आधारित विकास के दृष्टिकोण से प्रेरित है।

 

अमरीका के स्टैनफोर्ड विश्‍वविद्यालय में आज अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने कहा कि भारत विश्‍व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा कि यह भारत की बढ़ती ताकत और वैश्विक प्रासंगिकता का संकेत है।

 

श्रीमती सीतारामन ने कहा कि भारत में किए गए कुछ काम उल्लेखनीय हैं और इसका एक उदाहरण डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और इसकी सफलता है। भारत सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय स्वतंत्रता बढ़ाने पर वित्त मंत्री ने कहा कि भारत बदल रहा है और भारतीय महिलाएं भी बदल रही हैं।

 

इससे पहले, श्रीमती सीतारामन ने सैन फ्रांसिस्को में गूगल क्लाउड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थॉमस कुरियन और उनकी टीम से मुलाकात की।

******

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि संविधान की विषय-वस्तु निर्धारित करने में निर्वाचित प्रतिनिधि ही अंतिम निर्धारक है। दिल्ली विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में बोलते हुए उपराष्ट्रपति ने इस बात पर जोर दिया कि संसद सर्वोच्च है और संविधान में संसद से ऊपर किसी की कल्पना नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि संविधान लोगों के लिए है और यह देश के प्रत्येक व्यक्ति जितना ही सर्वोच्च है।

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के दो विरोधाभासी बयानों का हवाला देते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि गोलकनाथ मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने कहा था कि प्रस्तावना संविधान का हिस्सा नहीं है और केशवानंद भारती मामले में उसने कहा कि प्रस्तावना संविधान का हिस्सा है।

******

एक राष्ट्र एक चुनाव पर संयुक्त संसदीय समिति की बैठक संसद भवन में चल रही है। 39 सदस्यीय समिति में लोकसभा के 27 सदस्य और राज्यसभा के 12 सदस्य शामिल हैं। पहले सत्र में, समिति सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता और सेवानिवृत्त न्यायाधीश तथा भारत के 21वें विधि आयोग के अध्यक्ष डॉ. बी.एस. चौहान के साथ बातचीत करेगी। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए, एक राष्ट्र एक चुनाव पर जेपीसी के अध्यक्ष पी.पी. चौधरी ने कहा कि यह राष्ट्रीय हित में है और इससे अर्थव्यवस्था को लाभ होगा।

 

वन नेशन, वन इलेक्‍शन देश के हित में है क्‍योंकि इससे अर्थव्‍यवस्‍था में बड़ा इजाफा होगा और जो असुविधा होती है इनडाइरेक्‍ट नुकसान होता है चाहे हमारे एजुकेशन सिस्‍टम को हो, बच्‍चों को हो, चाहे टीचर्स का इन्‍वोल्‍वमेंट हो, चाहे पैरा मिलिट्री फोर्सिस का इन्‍वोल्‍वमेंट हो, चाहे इलेक्‍शन कमिशन के स्‍टाफ का इन्‍वोल्‍वमेंट हो, अगेन एंड अगेन एक साल में पांच-छह इलेक्‍शन होते हैं और चाहे गवर्नेंस का हो और चाहे लॉजिस्टिक का हो। सारी चीजें हम देखें तो करीब वन प्‍वाइंट 5 परसेंट जीडीपी का साइमलटेंसली इलेक्‍शन से देश को फायदा होगा।

******

केंद्रीय सामाजिक न्‍याय और आधिकारिता मंत्री डॉ० वीरेन्‍द्र कुमार ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति तक के व्‍यक्ति को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से सशक्‍त किए बिना वास्‍तविक विकास की कल्‍पना नहीं की जा सकती। नई दिल्‍ली में सामाजिक न्‍याय पे चर्चा-2025 को संबोधित करते हुए डॉक्‍टर कुमार ने यह बात कही।

 

पंडित दीनदयाल उपाध्‍याय जी ने डॉ. भीमराव आम्‍बेडकर जी ने ऐसे ही समाज की कल्‍पना की थी कि समाज की सबसे अंतिम पंक्ति के अंतिम छोर पर रहने वाले व्‍यक्ति को जब रहने के लिए मकान मिल जाए, पहनने के लिए कपड़ा मिल जाए, अस्‍वस्‍थ होने पर उसे दवाइयां मिल जाए, उसके बच्‍चों को शिक्षा के अच्‍छे प्रबंध मिल जाएं, तभी सही मायने में सामाजिक न्‍याय की विकास की अवधारणा पूरी होती है।

******

भारत ने दूरसंचार विभाग में संयुक्त वायरलेस सलाहकार एम. रेवती को अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ – आईटीयू में रेडियो संचार ब्यूरो के निदेशक पद के लिए अपना उम्मीदवार नामित किया है। संचार मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उनकी उम्मीदवारी देश के वसुधैव कुटुम्बकम के दृष्टिकोण और समावेशी डिजिटल विकास के लिए इसके प्रयास को दर्शाती है, जिससे विकासशील देशों को लाभ होगा।

******

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में राहत अभियान जोरों पर है। इस क्षेत्र में एक हजार 486 बिजली ट्रांसफोर्मर फिर से बहाल कर दिए गये हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ० जितेन्‍द्र सिंह ने बताया कि सभी एक हजार सात सौ 62 बिजली ट्रांसफार्मरों में बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है, जबकि शेष 276 पर कार्य जारी है।

डॉ० सिंह ने कहा कि राष्‍ट्रीय राजमार्ग कल तक आंशिक रूप से बहाल हो जाने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बाढ की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए आज घटनास्‍थल का दौरा किया।

हाल ही में रामबन जिले में तेज हवाओं और कई भूस्‍खलन के कारण लोगों की जान गईं और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा।

******

विश्‍व में पर्यावरण संरक्षण प्रयासों में समर्थन के लिए आज पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है। 1969 में यूनेस्को शिखर सम्मेलन में सुझाव के बाद पहली बार 1970 में पृथ्वी दिवस मनाया गया था। इस वर्ष पृथ्वी दिवस का विषय है- “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” । एक रिपोर्ट…

 

असंबाधं बध्‍यतो मानवानां यस्‍या उद्वत: प्रवत: समं बहु।

नानावीर्या ओषधीर्या बिभर्ति पृथिवी न: प्रथतां राध्‍यतां न:।।

 

पृथ्‍वी दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संबंधी मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और धरती की रक्षा के लिए प्रयासों को प्रेरित करना है। यह लोगों को जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और स्थिरता के बारे में जागरूक करता है और  स्‍वच्‍छता तथा पौधरोपण जैसे प्रयासों को संगठित करता है। यह दिन सामुदायिक सहयोग और पर्यावरण अनुकूल प्रथाओं को बढ़ावा देता है। इस वर्ष का विषय व्यक्तियों, समूहों और सरकारों से वर्ष 2030 तक स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को तीन गुना करने का आग्रह करता है, जो अक्षय ऊर्जा को अपनाने  की तत्काल आवश्यकता पर बल दे रहा है। यह अभियान जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करना और स्थायी, न्यायसंगत तथा समावेशी ऊर्जा भविष्य में निवेश करने के महत्व को रेखांकित करता है। समाचार कक्ष से, मुकेश कुमार बल।

 

गृहमंत्री अमित शाह ने विश्‍व पृथ्‍वी दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में उन्‍होंने कहा कि पृथ्‍वी, जीवन का पोषण करती है और विकास तथा उद्भव के लिए आवश्‍यक पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाए रखती है।

******

कैलाश मानसरोवर यात्रा कोविड के चार वर्षों बाद तीस जून से फिर शुरू होने जा रही है। यह यात्रा उत्‍तराखण्‍ड सरकार और विदेश मंत्रालय के संयुक्‍त निरीक्षण में आयोजित होगी।

******

भारतीय वायुसेना के द्वारा बिहार एयर शो कार्यक्रम में वायु सेना की सूर्य किरण टीम ने आज पटना में मनमोहक हवाई कलाबाजी और शानदार एयर शो से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दो दिवसीय कार्यक्रम में वायुसेना के सूर्य किरण विमानों के प्रदर्शन और करतब शामिल हैं। नाइन हॉक लड़ाकू विमानों ने भी हैरतअंगेज करतब और हवाई कलाबाजी का प्रदर्शन किया।

******

मौसम विभाग ने बढती गर्मी के कारण बिहार के 31 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों में दिन के तापमान में दस डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। राज्‍य के कई हिस्‍सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है।

******

घरेलू शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी, आज लगातार छठे सत्र में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। अब से कुछ देर पहले सेंसेक्स 194 अंक बढ़कर 79 हजार 602 पर था। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी 53 अंक की वृद्धि के साथ 24 हजार 178 पर पहुंच गया।

******

आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ सुपर जायंट्स का मुकाबला डेल्‍ही कैपिटल्स से लखनऊ में होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सऊदी अरब की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए। उन्होंने कहा- भारत सऊदी अरब के साथ दीर्घकालिक और ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देता है।

  • उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- संसद सर्वोच्‍च है और निर्वाचित प्रतिनिधि संविधान की विषय-वस्तु के अंतिम निर्धारक है।

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की भारत की यात्रा केवल एक आकांक्षा नहीं बल्कि एक साझा राष्ट्रीय मिशन है।

  • जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में राहत अभियान जोरों पर।

  • मौसम विभाग ने बिहार के 31 जिलों के लिए लू का येलो अलर्ट जारी किया।

  • आईपीएल क्रिकेट में, आज शाम लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा।

*****