मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–भारत शासन, पारदर्शिता और नवाचार में नए मानक स्थापित कर रहा है। श्री मोदी ने युवाओं, किसानों और महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लोकसेवकों से असाधारण गति से काम करने का आग्रह किया।
- अमरीका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे। आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलेंगे।
- झारखंड के बोकारो जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए।
- पोप फ्रांसिस का लम्बी बीमारी के बाद निधन।
- घरेलू शेयर बाजारों में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में उछाल।
- और, आई़.पी.एल. क्रिकेट में-आज शाम ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
———————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पिछले दस वर्षों में भारत ने वृद्धि वाले परिवर्तन से आगे बढ़कर प्रभावशाली परिवर्तन देखा है क्योंकि सरकार देश में समग्र विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि समग्र विकास का मतलब है हर घर को स्वच्छ जल, हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, हर उद्यमी को वित्तीय संसाधन और हर गांव को डिजिटल अर्थव्यवस्था का लाभ। श्री मोदी ने नई दिल्ली में 17वें सिविल सेवा दिवस के अवसर पर लोकसेवकों को संबोधित करते हुए यह बात कही। प्रधानमंत्री ने देश में युवाओं, किसानों और महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए असाधारण गति से काम करने की आवश्यकता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके सपने अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंच रहे हैं।
2014 के बाद से देश में व्यवस्था परिवर्तन का एक बहुत बड़ा महायज्ञ शुरू हुआ है। हम इस तेज स्पीड के साथ खुद को तेजी से ढाल रहे हैं। आज भारत की एस्पिरेशनल सोसाइटी, भारत के युवा, भारत के किसान, भारत की महिलाएं, उनके सपनों की उड़ान आज जिस ऊंचाई पर है, वो वाकई अभूतपूर्व है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत प्रशासन, पारदर्शिता और नवाचार में नए मानक स्थापित कर रहा है।
पिछले दस सालों में भारत ने कई ट्रांसफॉर्मेटिव बदलाव करके दिखाएं हैं। उपलब्धियों की नई ऊंचाई को छुआ है। भारत आज सिर्फ ग्रोथ की वजह से नहीं जाना रहा बल्कि गवर्नन्स, ट्रांसपरेंसी और इनोवेशन के बेंच–मार्क्स, आज भारत सेट कर रहा है। जी-20 प्रसीडेंसी भी इसका एक उदाहरण है।
प्रधानमंत्री ने तेजी से बदलते समय में वैश्विक चुनौतियों पर कड़ी नजर रखने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खाद्य, जल और ऊर्जा सुरक्षा अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
तेजी से बदलते समय में हमें ग्लोबल चैलेंजेस पर भी गहरी नजर रखनी है। फूड, वॉटर और एनर्जी से सिक्योरिटी, विशेष रूप से ग्लोबल साउथ के लिए यह बहुत बड़ा संकट है। लम्बे समय से चल रहे संघर्षों के कारण कई देशों में हालात और मुश्किल होते जा रहे हैं। इसका असर लोगों पर पड़ता है। रोजमर्रा के जीवन पर पड़ता है। हमें आगे बढना होगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने लोकसेवकों को जिलों के समग्र विकास, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम और नवाचार की श्रेणियों में लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने दो ई-बुक भी जारी की। हमारे संवाददाता ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले कुछ लोकसेवकों से बातचीत की।
मैं रविशंकर शुक्ला, उपायुक्त सह–जिलादण्डाधिकारी सराईकेला खरसवां जिले, आकांक्षीय प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत गमरिया प्रखंड में समग्र विकास हेतु तथा पांच थीम आधारित योजनाओं के समयक क्रियान्वयन हेतु प्रधानमंत्री पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इस कार्य को संपादित करने में जन–भागीदारी, फ्रंटलाइन वकर्स के समुचित सहयोग, टेक्नोलॉजी का प्रयोग कर शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर कार्य करने का भी प्रयास किया है।
मेरा नाम मोनिका रानी है। मैं जिलाधिकारी बेहराइच हूं। 2023 का जिले के सम्पूर्ण विकास की श्रेणी के अंतर्गत ये पुरस्कार दिया गया है, इसके लिए मैं अपनी सम्पूर्ण टीम को बहुत–बहुत बधाई देती हूं। जो केन्द्र की जितनी भी योजनाएं हैं, इन सभी के अंतर्गत जनपद बेहराइच ने बहुत उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके लिए मैं सभी को बहुत–बहुत बधाई देती हूं।
———————————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सिविल सेवा दिवस पर सभी लोकसेवकों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि लोकसेवक राष्ट्र को उसके महत्वाकांक्षी लक्ष्यों को प्राप्त करने और प्रभावी शासन में नए मानक स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
———————————-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जेद्दा जाएंगे। चार दशकों में सऊदी अरब के वाणिज्यिक केंद्र में किसी भारतीय नेता की यह पहली यात्रा होगी। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री एक कारखाने का दौरा करेंगे और वहां तैनात भारतीय कामगारों से बात करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों के बीच हो रही है। हाल के वर्षों में सऊदी अरब में भारतीय निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो अगस्त 2023 तक लगभग 3 बिलियन अमरीकी डॉलर तक पहुंच गया। यह निवेश निर्माण परियोजनाओं, दूरसंचार, सूचना प्रौद्योगिकी और फार्मास्यूटिकल्स सहित विविध क्षेत्रों में किया गया है। और ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
भारत की कईं कंपनियों और कॉर्पोरेट समूहों ने सऊदी अरब में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। एल एंड टी, टाटा, विप्रो, टीसीएस, टीसीआईएल, शापूरजी एंड पल्लोनजी, एयर इंडिया, गो एयर, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसे संगठनों ने सऊदी अरब में अपनी महत्वपूर्ण जगह बनाई है। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान–प्रदान से संबंध और भी सुदृढ़ हुए हैं। सऊदी अरब के वर्ष 2030 के दृष्टिकोण के अनुरूप, द्विपक्षीय सांस्कृतिक गतिविधियों में तेजी आई है। वर्ष 2021 में सऊदी खेल मंत्रालय और भारत के आयुष मंत्रालय के बीच योग के क्षेत्र में सहयोग पर समझौते ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद से सांस्कृतिक साझेदारी को और मजबूती मिली है। भारतीय दूतावास नियमित रूप से योग कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्सव भी शामिल है। प्रधानमंत्री की इस यात्रा से भारत और सऊदी अरब के बीच कूटनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। जेद्दाह से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अलका सिंह।
———————————-
अमरीका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वैंस भारत की चार दिन की यात्रा पर आज नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ पत्नी उषा वेंस और अमरीकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी हैं। वे आज शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। उपराष्ट्रपति वेंस ने आज अक्षरधाम मंदिर में दर्शन किए। उनका जयपुर और आगरा जाने का भी कार्यक्रम है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
अमरीका के उपराष्ट्रपति जे. ड़ी. वेंस की या पहले भारत यात्रा है। यह यात्रा दोनों पक्षों को द्विपक्षीय संबंधों के प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगी। इस यात्रा के दौरान इस वर्ष 13 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका यात्रा के दौरान जारी भारत अमरीका संयुक्त वक्तव्य के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही दोनों पक्ष आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान–प्रदान करेंगे। अनुपम मिश्र के साथ आनंद कुमार, दिल्ली।
———————————-
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अंतरिक्ष डॉकिंग प्रयोग – स्पाडेक्स मिशन के तहत उपग्रहों की दूसरी डॉकिंग प्रक्रिया आज सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगले दो सप्ताह में ऐसे और प्रयोग किये जाने की योजना है। भारत द्वारा छोड़े गये कुछ उपग्रहों को इस साल 16 जनवरी को पहली बार सफलतापूर्वक आपस में जोड़ा गया था और इन्हें 13 मार्च को सफलतापूर्वक अलग किया गया था।
———————————-
सर्वोच्च न्यायालय ने आज पश्चिम बंगाल में वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर मुर्शिदाबाद में भड़की हिंसा के मद्देनजर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग वाली याचिका खारिज कर दी। मामले को तत्काल सूचीबद्ध और निर्देश देने की मांग का उल्लेख जस्टिस बी.आर. गवई और ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ के समक्ष किया गया। याचिकाकर्ता ने अर्धसैनिक बलों की तत्काल तैनाती और संविधान के अनुच्छेद 355 को लागू करने की मांग की।
———————————-
झारखंड में आज बोकारो के लुगु पहाड़ी इलाके में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के साथ मुठभेड में 8 नक्सली मारे गए। झारखंड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि सुरक्षा बलों ने अब तक आठ माओवादियों के शव बरामद किए हैं। मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में हथियार और गोली बारूद भी बरामद किया गया है। यह मुठभेड़ लगभग दो घंटे चली। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
बोकारो जिले के लुगु हिल्स में आज सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में शीर्ष तीन नक्सली जिनमें एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी, प्रयाग मांझी उर्फ विवेक, बिहार का अरविंद यादव उर्फ अविनाश दा और साहेबराम मांझी समेत आठ माओवादी मारे गए हैं। सुरक्षा बल सभी संभावित माओवादी ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने झारखंड पुलिस की आत्मसमर्पण नीति के तहत माओवादियों को जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। आज बोकारो में हुए मुठभेड़ का जिक्र करते हुए मंत्रालय ने अगले साल तक नक्सलवाद को खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची।
———————————-
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अमरीका यात्रा के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर भारतीय लोकतंत्र को बदनाम करने का आरोप लगाया। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने आज नई दिल्ली में मीडिया से कहा कि भारत में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली है। श्री पात्रा ने नेशनल हेराल्ड मामले से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना की।
———————————-
रोमन कैथेलिक चर्च के धर्मगुरू पोप फ्रांसिस का आज वेटिकन सिटी में निधन हो गया। वे 88 वर्ष के थे। पिछले कुछ हफ्तों से वे बीमार चल रहे थे। पोप फ्रांसिस पहले लातिनी अमरीकी पोप थे और वे सर्वाधिक उम्र में पोप बनने वाले व्यक्ति भी थे।
———————————-
अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि रूस और यूक्रेन इस सप्ताह युद्ध समाप्त करने के लिए शांति समझौता कर लेंगे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि एक बार रूस और यूक्रेन समझौता कर लें, तो दोनों ही अमरीका के साथ व्यापार करके खूब पैसा कमा सकेंगे। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी संकेत दिया था कि अगर कोई भी पक्ष बातचीत से पीछे हटता है, तो अमरीका शांति समझौते के लिए मध्यस्थता करने के अपने प्रयासों को छोड़ सकता है।
———————————-
घरेलू शेयर बाजारों में आज लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में उछाल देखने को मिला। अब से कुछ देर पहले बम्बई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक नौ सौ 53 अंक बढ़कर 79 हजार पांच सौ छह पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी तीन सौ तीन अंक की वृद्धि के साथ 24 हजार एक सौ 54 पर पहुंच गया।
———————————-
जम्मू-कश्मीर में रामबन जिले में कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरूद्ध जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 को पूरी तरह खुलने में दो दिन लग सकते हैं। रामबन के उपायुक्त बसीर-उल-हक चौधरी के हवाले से हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया कि राजमार्ग पर कोई वाहन नहीं फंसा है। वहां फंसे सभी 140 वाहनों को सुरक्षित रूप से बनिहाल की ओर ले जाया गया है। रामबन सेक्टर में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण कल से राजमार्ग बंद है।
———————————-
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2024-25 सत्र के लिए जारी अपनी अनुबंध सूची में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा को ए प्लस श्रेणी में रखा है। श्रेयस अय्यर को बी श्रेणी में और ईशान किशन को सी श्रेणी में रखा गया है।
———————————-
आई.पी.एल. क्रिकेट प्रतियोगिता में आज कोलकाता में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
———————————-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के प्रभाव” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के मनोचिकित्सक, डॉ. राजेश सागर और मेडिसिन के प्रोफेसर डॉक्टर पीयूष रंजन परिचर्चा में शामिल होंगे।
———————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–भारत शासन, पारदर्शिता और नवाचार में नए मानक स्थापित कर रहा है। श्री मोदी ने युवाओं, किसानों और महिलाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लोकसेवकों से असाधारण गति से काम करने का आग्रह किया।
- अमरीका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे। आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलेंगे।
- झारखंड के बोकारो जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए।
- पोप फ्रांसिस का लम्बी बीमारी के बाद निधन।
- घरेलू शेयर बाजारों में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में उछाल।
- और, आई़.पी.एल. क्रिकेट में-आज शाम ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
———————————-