April 18, 2024 4:19 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी। कल 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
  • विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता लोकसभा चुनाव के अगले चरणों के लिए प्रचार अभियान में जुटे हैं।
  • लोकसभा चुनाव के चौथे चरण और आंध्र प्रदेश में एक चरण के विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी।
  • सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र में 100 प्रतिशत तक प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति देने के लिए संशोधित फेमा नियमों को अधिसूचित किया।
  • मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक ओडिशा, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भीषण लू की आशंका व्‍यक्‍त की।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मोहाली में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा।

——-

 

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। पहले चरण में 17 राज्‍यों और चार केन्‍द्र शासित प्रदेशों के 102 निर्वाचन क्षेत्रों में कल वोट डाले जाएंगे। अरूणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, नागालैण्‍ड, सिक्किम, अण्‍डमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, पुद्दुचेरी, उत्‍तराखण्‍ड और तमिलनाडु की सभी लोकसभा सीटों के लिए इस चरण में मतदान होगा।

 

राजस्‍थान की 12, उत्‍तरप्रदेश की 8, मध्‍यप्रदेश की 6, असम और महाराष्‍ट्र की पांच-पांच, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, मणिपुर की दो और छत्‍तीसगढ, त्रिपुरा और जम्‍मू कश्‍मीर की एक-एक सीट के लिए भी पहले चरण में मतदान होगा। इस चरण में एक हजार 625 उम्‍मीदवार मैदान में हैं।

 

——–

 

छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव लोकसभा सीट भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी हुई है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-

 

छत्तीसगढ़ का राजनांदगांव शहर अपने साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत की वजह से राज्य की संस्कारधानी के रूप में जाना जाता है। इस शहर से अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी निकले हैं, इसलिए इसे हॉकी की नर्सरी भी कहते हैं। यहां से कांग्रेस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मैदान में उतारा है। तो वहीं भारतीय जनता पार्टी ने निवर्तमान सांसद संतोष पांडेय पर फिर से विश्वास जताया है। इस लोकसभा चुनाव में कुल 15 उम्मीदवार इस संसदीय क्षेत्र से अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं। इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आठ विधानसभा क्षेत्र आते हैं। राजनांदगांव संसदीय क्षेत्र में कुल मतदाता 18 लाख 65 हजार हैं। राजनांदगांव लोकसभा सीट के लिए दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को मतदान होगा। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

——–

 

मतदाताओं की संख्या की दृष्टि से लक्षद्वीप देश कस सबसे छोटा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र है। केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप में एकमात्र लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान सांसद और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के उम्‍मीदवार मोहम्‍मद फैजल, पूर्व संसद सदस्‍य और कांग्रेस पार्टी के   उम्‍मीदवार हमदुल्‍ला सैयद, भारतीय जनता पार्टी समर्थित राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) उम्‍मीदवार टी. पी. यूसुफ और स्‍वतंत्र उम्‍मीदवार के. कोया लक्षद्वीप की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए चुनाव लड रहे हैं।

 

——–

 

असम में पहले चरण में कुल 35 उम्‍मीदवार मैदान में हैं। सभी मतदाता और सुरक्षाकर्मियों को ईवीएम और अन्‍य सामग्री के साथ मतदान केंद्रों तक भेज दिया गया है। एक रिपोर्ट-

 

पहले चरण के जोरदार चुनावी अभियान के बाद ऊपरी असम के 14 जिले कल मतदान के लिए तैयार हैं। इस चरण में दस हजार बूथों पर मतदान होगा। क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और माइक्रो ऑब्‍जर्वर को तैनात किया गया है और पांच हजार पांच सौ से अधिक स्टेशनों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। पहले चरण में ग्‍यारह ऐसे मतदान केंद्र हैं, जिसका प्रबंधन पीडब्ल्यूडी या दिव्यांग कर्मी द्वारा किया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, रैम्‍प, वेटिंग शेड और शौचालय सहित बुनियादी न्यूनतम सुविधाएं होंगी। इस चरण में 86 लाख से अधिक मतदाता अपने अधिकारों का प्रयोग कर सकते हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक है। मानस प्रतिम सरमा, आकाशवाणी समाचार, गुवाहाटी

 

——–

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज असम के कोकराझार में राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उम्मीदवार जयंत बसुमतारी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित किया।

 

——–

 

मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त राजीव कुमार ने कल लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले मतदाताओं से अपनी लोकतांत्रिक जिम्‍मेदारी के निर्वहन की अपील करते हुए कहा है कि यह चुनाव उनका है और उन्‍हें अपनी पसंद का विकल्‍प चुनना है। श्री कुमार ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि देशवासियों को एक वोट की कीमत को कभी भी कम नहीं आंकना चाहिए क्‍योंकि कई बार बेहद कडे मुकाबले में एक वोट बहुत महत्‍वपूर्ण साबित होता है। उन्‍होंने कहा कि लोगों की सक्रिय भागीदारी की बदौलत ही देश में नियमित रूप से सुचारू ढंग से चुनाव संपन्‍न हो रहे हैं।

 

देश के प्रिय मतदाताओं आज भारत के लिए एक अत्‍यंत महत्‍वपूर्ण और अनमोल क्षण है। मतदान के फर्स्‍ट फेज का दिन आने वाला है। लगभग साढे 16 करोड वोटर्स विभिन्‍न राज्‍यों में लगभग वन प्‍वाइंट ऐट सिक्‍स लाख मतदान केन्‍द्रों पर मतदान करेंगे। इस मौके पर मैं आपसे कुछ कहना चाहता हूं। चुनाव भारत के लोकतंत्र की गौरवशाली अभिव्‍यक्ति है। मतदान करने जैसा कुछ भी नहीं है। भारत निर्वाचन आयोग और इसके लाखों अधिकारियों ने आपके मतदान अनुभव को शांतिपूर्ण, सहज और सुखद बनाने के लिए पिछले दो वर्षों में बहुत कडी मेहनत की है।

 

मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त ने कहा कि सभी मतदान केंद्र भूतल पर ही बनाए गए हैं।

 

——–

 

केरल में तीन प्रमुख गठबंधन के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए प्रचार तेज कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज कन्‍नूर और कोट्टायम में चुनाव सभाओं को संबोधित करेंगे।

 

उधर वाम लोकतांत्रिक मोर्चा के नेता और केरल के मुख्‍यमंत्री पिनरायी विजयन आज पोन्‍नई निर्वाचन क्षेत्र में चार स्‍थानों पर चुनाव रैलियों में भाग लेंगे।

 

——–

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज गुजरात में गांधी नगर लोकसभा क्षेत्र में साणन्‍द और कलौल में दो रोड शो किए। श्री शाह अहमदाबाद के बेजालपुर में रोड शो तथा चुनाव रैली को भी संबोधित करेंगे।

 

कल अपना नामांकन पत्र श्री शाह गांधी नगर लोकसभा सीट से दाखिल करेंगे। भाजपा नेता और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर जामनगर में आज एक रोड शो करेंगे और वहां एक चुनाव सभा को संबोधित करेंगे। गुजरात में तीसरे चरण के अंतर्गत 07 मई को मतदान कराया जाएगा। 

 

——–

 

लोकसभा के चौथे चरण के चुनाव की अधिसूचना आज जारी कर दी गई। इस चरण में 13 मई को नौ राज्‍यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की 96 लोकसभा सीटों पर चुनाव होगा। उम्‍मीदवार 25 अप्रैल तक नामांकन-पत्र दाखिल कर सकेंगे।

 

इस बीच, लोकसभा के तीसरे चरण के लिए नामांकन-पत्र दाखिल करने का कल अंतिम दिन होगा।

 

——–

 

निर्वाचन आयोग ने आंध्र प्रदेश विधानसभा की एक सौ 75 सीटों के चुनाव के लिए आज अधिसूचना जारी कर दी जिसके साथ ही राज्य में नामांकन-पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। नामांकन-पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 25 अप्रैल है। नामांकन-पत्रों की जांच 26 अप्रैल को होगी और 29 अप्रैल तक नाम वापिस लिए जा सकेंगे।

 

——–

 

सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र में शत-प्रतिशत प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश-एफडीआई की अनुमति देने के अपने फैसले को लागू करने के लिए विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत संशोधित नियमों को अधिसूचित कर दिया है।

 

वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, उपग्रहों, उपग्रह डेटा उत्पादों और ग्राउंड सेगमेंट तथा उपयोगकर्ता सेगमेंट के विनिर्माण और संचालन के लिए शत-प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति दी गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि 74 प्रतिशत निवेश के लिए सरकार की मंजूरी की जरूरत नहीं होगी और इससे अधिक निवेश के लिए सरकार की मंजूरी लेनी अनिवार्य होगी।

 

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि प्रक्षेपण यान और उससे संबंधित प्रणालियों या उप-प्रणालियों में 49 प्रतिशत तक के निवेश के लिए भी सरकार की अनुमति जरूरी नहीं होगी।

 

——–

 

प्रवर्तन निदेशालय ने व्‍यवसायी राज कुंद्रा की करीब 98 करोड रूपए की संपत्ति कुर्क की है। कुर्क की गई संपत्ति में उनकी पत्‍नी और अभिनेत्री शिल्‍पा शेट्टी के नाम पर एक फ्लैट, श्री कुंद्रा के नाम पर एक बंगला और शेयर शामिल हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है।

 

प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्‍ट्र और दिल्‍ली पुलिस द्वारा दायर कई प्राथमि‍कियों के आधार पर अनेक एजेंटों के खिलाफ जांच शुरू की थी। इन सभी पर लोगों से झूठे वायदे कर बिटक्‍वाइन के रूप में छह हजार छह सौ करोड रूपए ऐंठने का आरोप है। प्रवर्तन निदेशालय की जांच में पता चला कि राज कुंद्रा को इस मामले के मास्‍टर माइंड से दो सौ 85 बिटक्‍वाइन मिले थे। 

 

——–

 

राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड ने आज राज्‍यसभा के लिए नवनिर्वाचित सदस्‍यों को संसद भवन में शपथ दिलाई। श्री धनखड ने भीम सिंह, परमार जयंत सिंह सलाम सिंह, संगीता, नवीन जैन और डॉ. सुधांशु त्रिवेदी को राज्‍यसभा की सदस्‍यता की शपथ दिलाई। 

 

——–

 

मौसम विभाग ने ओडिशा, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अगले तीन दिन में भीषण लू चलने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने का अनुमान है। इसके अलावा झारखंड, उत्‍तरी कोंकण, सौराष्‍ट्र, मध्‍य महाराष्‍ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी में भी जबरदस्‍त लू चलने के आसार हैं। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्‍ठ वैज्ञानिक आर. के. जैनामनी ने लोगों से सावधानी बरतने और पर्याप्‍त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

 

तमिलनाडु में जो कल इलेक्‍शन होगा उसके लिए भी हम लोग का विशेष वार्निंग है। ये जो विशेष वार्निंग है अभी थ्री टू फोर डेज़ रहेगा, पानी पीना जरूरी है और रेस्‍ट जरूरी है। जो हमारी राष्‍ट्रीय राजधानी है, मैदानी इलाका है राजस्‍थान, पंजाब, हरियाणा इसमें रेन थंडरस्टॉम आइसोलेटेड लाइट रेन हो सकता है और पश्चिमी हिमालय के क्षेत्र में ज्‍यादा बारिश हो सकती है। ये जो आरटीडब्‍ल्‍यूडी ये दो दिन रहेगा।

 

——–

 

आईपीएल क्रिकेट में चंडीगढ में पंजाब किंग्‍स का मुकाबला आज मुम्‍बई इंडियंस से होगा। यह मुकाबला शाम साढे सात बजे शुरू होगा। कल रात अहमदाबाद में दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 6 विकेट से गुजरात टाइटंस को हरा दिया था। 

 

——–

 

सिविल सेवा परीक्षा, 2023 में शीर्ष स्‍थान प्राप्‍त करने वाले आदित्य श्रीवास्तव ने कहा है कि पढ़ाई के साथ-साथ स्मार्ट वर्क और संतुलित शारीरिक गतिविधियां किसी भी परीक्षा को उत्तीर्ण करने की कुंजी हैं। आदित्य श्रीवास्तव ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान, कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री  प्राप्‍त की है। आकाशवाणी समाचार से विशेष भेंट में आदित्य श्रीवास्तव ने संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा की तैयारी की प्रमुख रणनीतियों के बारे में जानकारी साझा की।

 

दोस्‍तों सबसे कठ‍िन मूवमेंट मैं वही कहुंगा जहां मेरे पहले अटेम्‍पड में सिलेक्‍शन नहीं हुआ था, प्रीलिम्‍स में भी। वो काफी कठिन दौर था, जो कि शुरु में तो काफी डीमोटिवेशन हो गया था। लेकिन फिर अपनी फैमिली के सपोर्ट से और सब लोगों को मोटिवेशन से मैंने वापस से शुरुआत की और अपनी ग‍लतियों को एनालाइज़। उसके बाद सेकेंड अटेम्‍प में मेरा प्रीलिम्‍स क्‍लीयर हो गया। तो आई थिंक वो वाला जो मोटिवेशन था वो सबसे इंपोर्टेंट था। उसके बाद तो थर्ड अटेंम्‍प के लिए मेरे पास पर्याप्‍त मोटिवेशन था क्‍योंकि मैं ऑलरेडी सर्विस में था। तो मेरको बस यह लग रहा था कि अब थोडी सी जो अपनी गलतियां हैं वो सुधारनी है और प्रोबेब्ली मैं अपनी सेकेंड च्‍वाईस से फर्स्‍ट च्‍वाईस वाली सर्विस में पहुंच जाउंगा।

 

——–

 

ईरान द्वारा इस्राइल पर ड्रोन और मिसाइल से हमला करने के बाद यूरोपीय संघ के नेता ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए सहमत हो गए हैं। ब्रसेल्‍स में दो दिन के सम्‍मेलन के लिए एकत्र हुए यूरोपीय संघ के नेताओं ने मिलकर यह फैसला लिया। सम्‍मेलन में सभी नेताओं ने मिलकर एक वक्‍तव्‍य जारी किया जिसमें उन्‍होंने सभी भागीदारों से भरपूर संयम बरतने और ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचने के लिए कहा जिससे इस क्षेत्र में तनाव में वृद्धि हो। सम्‍मेलन के अध्‍यक्ष चार्ल्‍स मिशेल ने कहा कि संघ ने ईरान को अलग-थलग करने के लिए हर संभव प्रयत्‍न करने के महत्‍व पर जोर दिया। संघ ने कहा कि ईरान के विरुद्ध नए प्रतिबंध लगाने का उद्देश्‍य ड्रोन और मिसाइल बनाने वाली कंपनियों पर निशाना साधना होगा।

 

ईरान ने पिछले सप्‍ताह के अंत में इस्राइल पर ड्रोन और मिसाइल से जबरदस्‍त हमला कर दिया था जिसके कारण उसे कुछ नुकसान पहुंचा था क्‍योंकि ज्‍यादातर प्रक्षेपास्‍त्रों को बीच में ही रोक दिया गया था। जर्मनी, फ्रांस और यूरोपीय संघ के कई देश एक ऐसी योजना पर विचार कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य रूस को ईरानी ड्रोन की आपूर्ति पर अंकुश लगाना है।

 

——–

 

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान ने विश्वास व्यक्त किया है कि अंतरिक्ष क्षेत्र भविष्य में हवाई, समुद्री और जमीनी युद्धों को प्रभावित करेगा। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष एक अज्ञात क्षेत्र है जहां युद्ध की अवधारणाएं अभी विकसित और परिपक्व नहीं हुई हैं।

 

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष ने आज नई दिल्ली में भारतीय रक्षा अंतरिक्ष संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जोर देकर कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र का इस्‍तेमाल मानवता के लाभ के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत ने कई विशिष्ट प्रौद्योगिकी विकसित कर अंतरिक्ष क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को साबित किया है।

 

——–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :

  • लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी। कल 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
  • विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता लोकसभा चुनाव के अगले चरणों के लिए प्रचार अभियान में जुटे हैं।
  • लोकसभा चुनाव के चौथे चरण और आंध्र प्रदेश में एक चरण के विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी।
  • सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र में 100 प्रतिशत तक प्रत्‍यक्ष विदेशी निवेश की अनुमति देने के लिए संशोधित फेमा नियमों को अधिसूचित किया।
  • मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक ओडिशा, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भीषण लू की आशंका व्‍यक्‍त की।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मोहाली में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा।

 

——–