मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के दरभंगा से कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। देशभर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 18 भारतीय जन औषधि केंद्रों का भी शुभारम्भ।
- झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में दोपहर एक बजे तक 46 प्रतिशत से अधिक मतदान। दस राज्यों की 31 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर भी शांतिपूर्ण मतदान जारी।
- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं का समर्थन जुटाने के प्रयास कर रहे हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गांवों के विकास पर जोर दिया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने संपत्ति विध्वंस पर समूचे देश के लिए दिशानिर्देश जारी किये। उचित प्राधिकार के बिना किसी भी सम्पत्ति के विध्वंस को मनमानी कार्रवाई समझा जाएगा।
- और जापान में पी.वी. सिंधु कुमामोटो मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंग्लस के राउंड 16 में पहुंची।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देश भर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 18 प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों का शुभारंभ किया। उन्होंने बिहार के दरभंगा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अन्य विकासात्मक परियोजनाओं के साथ इन केंद्रों का उद्घाटन किया। ये केंद्र यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशनों पर सस्ती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है।
हमारा पहला फोकस बिमारी से बचाव पर है। दूसरा फोकस बिमारी की सही तरीके से जांच पर है। तीसरा फोकस है लोगों को मुफ्त और सस्ता इलाज मिले और सस्ती दवाएं मिले, हमारा चौथा फोकस है छोटे शहरों में भी इलाज की बेहतरीन सुविधाएं पहुंचाना, देश में डॉक्टरों की कमी को दूर करना और हमारा पांचवा फोकस है स्वास्थ्य सेवाओं में टेक्नोलॉजी का विस्तार करना।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ योग, आयुष और पोषण को मुख्य स्वास्थ्य सेवाओं में एकीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री जन औषधि योजनाओं ने पहले की रूढ़िवादी प्रणाली को पूरी तरह से बदल दिया है।
हमने देशभर में डेढ़ लाख से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए हैं। इससे कैंसर, डायबिटीज जैसी अनेक बिमारियों के बारे में शुरू में ही पता लग सकता है। आयुष्मान भारत योजना से अब तक देश में चार करोड़ से अधिक गरीब मरीजों का इलाज हो चुका है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार बीमारियों की रोकथाम में विश्वास करती है इसलिए फिट इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में 75 हजार नई मेडिकल सीटें जोड़ी जाएंगी।
प्रधानमंत्री ने 11 हजार करोड़ रुपये के मौद्रिक आवंटन के साथ कोसी और मिथिला क्षेत्र में बाढ़ शमन के लिए केंद्र की पहल का विशेष रूप से उल्लेख किया।
श्री मोदी ने समारोह में मंच से प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
———-
झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 15 जिलों की 43 सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से शांतिपूर्ण मतदान जारी है। दिन में एक बजे तक 46 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। 31 सीटों के 950 संवेदनशील मतदान केंद्रों पर शाम 4 बजे मतदान समाप्त हो जायेगा।
आज के मतदान में एक करोड़ 37 लाख से अधिक मतदाता 73 महिलाओं समेत 683 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। सरायकेला से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, रांची से राज्यसभा सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार महुआ माजी, लोहरदगा से कांग्रेस के रामेश्वर उरांव, जमशेदपुर (पश्चिम) से जनता दल (यूनाइटेड) के सरयू राय और ईचागढ़ से ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन के हरे लाल महतो उन महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में शामिल हैं जिनके भाग्य का फैसला होना है।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए उत्तरप्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में संयुक्त अभियान चलाया गया है।
———-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झारखंड के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के उत्सव में पूरे उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर सभी युवा मतदाताओं को विशेष रूप से पहली बार वोटर बने युवाओं को बधाई दी।
———-
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगावार ने वोट डालने के बाद लोगों से बढ़-चढकर मतदान में शामिल होने का अनुरोध किया।
लोकतंत्र में मतदान एक आवश्यक हिस्सा है और मैं आपके माध्यम से सभी इस प्रदेश के मतदाता भाई-बहनों बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हुए आग्रह करना चाहूंगा कि मत का प्रयोग अवश्य करें।
———-
झारखंड में पहले चरण के मतदान के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन और इंडिया गठबंधन के नेता 20 नवम्बर को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के लिए जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। भाजपा के नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राज्य में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में रैलियों को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय जनता दल, ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन और वाम दलों के नेता भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चुनावी सभाएं कर रहे हैं।
———-
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव प्रचार में तेजी आ रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता चुनाव प्रचार में लगे हैं। राज्य विधानसभा की 288 सीटों के चुनाव और नांदेड लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए 20 नवम्बर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह धूले, जलगांव और परभणी में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। भाजपा के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मुंबई और अहिल्या नगर में प्रचार करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लातूर और सोलापुर जबकि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी मुंबई में प्रचार करेंगे।
———-
10 राज्यों की 31 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी आज वोट डाले जा रहे हैं। राजस्थान की सात, पश्चिम बंगाल की छह, असम की पांच, बिहार की चार, कर्नाटक की तीन, मध्यप्रदेश की दो और इसके अलावा केरल, छत्तीसगढ, गुजरात और मेघालय में एक-एक सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
राजस्थान की सात सीटों पर उप-चुनाव जारी है।
पश्चिम बंगाल में सभी छह विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। अलीपुरदुआर जिले के मदारीहाट में दिन में ग्यारह बजे तक सबसे अधिक 31 दशमलव आठ-छह प्रतिशत, उत्तर 24 परगना जिले के नेहाटी में 25 दशमलव एक-सात प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग सिस्टम लगाया गया है।
———-
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. आरिज आफताब को फोन किया। उन्होंने डॉ. आरिज आफताब से शांतिपूर्वक और हिंसा मुक्त चुनाव कराने का आग्रह किया है।
गुजरात में एक सीट के लिए उप चुनाव हो रहा है। और जानाकरी के लिए बात करते हैं हमारी संवाददता अपर्णा खुंट से।
———-
असम में पांच विधानसभा सीटों के लिए 11 बजे तक 31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इन पांच सीटों पर नौ लाख से अधिक मतदाता 34 उम्मीदवार के राजनीतिक भाग्य का फैसला कर रहे हैं।
———-
केरल में वायनाड लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप चुनाव के लिए दिन में एक बजे तक 35 प्रतिशत से अधिक मतदान की खबर है। इस सीट पर यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट – यूडीएफ से प्रियंका गांधी, लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट – एलडीएफ के सत्यन मोकेरी और नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस – एनडीए की नव्या हरिदास के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
———-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु केंद्रशासित प्रदेश दादरा, नगर हवेली और दमन तथा दीव के तीन दिन के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने आज स्पोर्ट्स एरिना, ज़ांडा चौक स्कूल और गेम जोन चरण-2 सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा है कि पर्यटन के विकास से न केवल हमारी विरासत को बढ़ावा मिलता है बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा होते हैं।
राष्ट्रपति ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गांवों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
———-
सर्वोच्च न्यायालय ने एक फैसले में कहा है कि कार्यपालिका, व्यक्तियों की संपत्तियों को ध्वस्त करके उनके अपराध का निर्धारण करने में न्यायपालिका के रूप में कार्य नहीं कर सकती है। आरोपी व्यक्तियों के खिलाफ “बुलडोजर कार्रवाई” को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर एक महत्वपूर्ण फैसले में, न्यायालय ने कहा है कि उचित प्राधिकार के बिना किसी भी संपत्ति के विध्वंस को मनमानी कार्रवाई समझा जाएगा।
शीर्ष न्यायालय ने लोकतांत्रिक शासन की नींव के रूप में कानून के शासन पर जोर देते हुए रेखांकित किया कि किसी आरोपी के अपराध को परिकल्पित नहीं किया जा सकता है और मनमाने ढंग से विध्वंस, शक्तियों के विभाजन के सिद्धांत का उल्लंघन है।
———-
भारतीय जनता पार्टी ने बुलडोजर कार्रवाई पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि यह निर्देश एक राज्य के लिए नहीं बल्कि समूचे देश के लिए है। उधर, कांग्रेस ने भी शीर्ष अदालत के फैसले का स्वागत किया है।
———-
कुमामोटो मास्टर्स जापान सुपर-500 प्रतियोगिता के महिला सिंगल्स में भारतीय बैडमिंटन खिलाडी पी.वी. सिंधु राउंड ऑफ 16 में पहुंच गई हैं। सिंधु ने थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 21-12, 21-8 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
आज बाद में पुरुष सिंगल्स में भारत के लक्ष्य सेन का सामना मलेशिया के लियोंग जुन हाओ से होगा।
———-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के दरभंगा से कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। देशभर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 18 भारतीय जन औषधि केंद्रों का भी शुभारम्भ।
- झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में दोपहर एक बजे तक 46 प्रतिशत से अधिक मतदान। दस राज्यों की 31 विधानसभा सीटों और केरल की वायनाड संसदीय सीट पर भी शांतिपूर्ण मतदान जारी।
- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मतदाताओं का समर्थन जुटाने के प्रयास कर रहे हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए गांवों के विकास पर जोर दिया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने संपत्ति विध्वंस पर समूचे देश के लिए दिशानिर्देश जारी किये। उचित प्राधिकार के बिना किसी भी सम्पत्ति के विध्वंस को मनमानी कार्रवाई समझा जाएगा।
- और जापान में पी.वी. सिंधु कुमामोटो मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंग्लस के राउंड 16 में पहुंची।
———-