September 29, 2024 3:29 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाराष्‍ट्र में 11 हजार दो सौ करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण किया।
  • प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में कहा- मेक इन इंडिया से भारत  विनिर्माण का केंद्र बना। उन्‍होंने लोगों से स्‍वच्‍छता अभियान, जल संरक्षण और पौधारोपण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
  • प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के 10 वर्ष पूरा होने पर आकाशवाणी, दूरदर्शन और प्रसार भारती के प्रयासों की प्रशंसा की।
  • जम्‍मू-कश्‍मीर विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा।
  • जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी गठबंधन ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा-पत्र में हर फसल के लिए न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य का वादा किया।
  • नेपाल में बाढ और भूस्‍खलन से एक सौ 25 लोगों की मौत।
  • केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विश्‍व हृदय दिवस पर दिल्‍ली में मैराथन दौड़ को रवाना किया।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम महाराष्ट्र में 11 हजार दो सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन कर उन्‍हें राष्ट्र को समर्पित किया। पुणे में उद्घाटन की गई परियोजनाओं के बारे में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं शहरी विकास को बढ़ावा देंगी और लोगों के लिए ‘जीवनयापन को आसान’ बनाएंगी।

 

पुणे शहर में ईज़ ऑफ लिविंग बढ़ाने का हमारा जो सपना है मुझे खुशी है कि हम उस दिशा में तेज गति से आगे बढ रहे हैं। महाराष्‍ट्र को नए संकल्‍पों के साथ बड़े लक्ष्‍यों की जरूरत है। इसके लिए हमें पुणे जैसे हमारे शहरों को प्रगति का अर्बन डेवलेपमेंट का सेंटर बनाना जरूरी है।

 

प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र में प्रमुख परियोजनाओं को रोकने के लिए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। सोलापुर हवाई अड्डे के पुनर्निमाण के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में संपर्क में उल्‍लेखनीय वृद्धि होगी और पंढरपुर में पर्यटन, विशेष रूप से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

 

सोलापुर हवाई अड्डे के मौजूदा टर्मिनल के पुनर्निमाण से सालाना चार लाख से अधिक यात्रियों को सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री ने बिडकिन औद्योगिक क्षेत्र का भी उद्घाटन किया जो सरकार के राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत सात हजार आठ सौ 55 एकड़ में फैली एक परिवर्तनकारी परियोजना है। यह परियोजना छत्रपति संभाजीनगर शहर से 20 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। परियोजना के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि इससे भारी निवेश आकर्षित होगा और क्षेत्र में रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे। समाचार कक्ष से मैं करिश्‍मा रॉय।

 

********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि मेक इन इंडिया पहल के कारण भारत विनिर्माण शक्ति केंद्र बन गया है। उन्‍होंने कहा कि इस अभियान से निर्धन और मध्‍य वर्ग तथा सूक्ष्‍म, लघु और मध्‍यम उद्यमों को बहुत फायदा हुआ है। आकाशवाणी से आज मन की बात कार्यक्रम की 114वीं कडी में प्रधानमंत्री ने मेक इन इंडिया पहल की सफलता उल्‍लेख किया।

 

वोकल फॉर लोकल, स्‍थानीय चीजों को ज्‍यादा से ज्‍यादा बढ़ावा मिले। महाराष्ट्र के भंडारा  जिले में टेक्‍सटाइल की एक पुरानी परंपरा है – ‘भंडारा टसर सिल्क हैंडलूम’। भंडारा के कुछ हिस्सों में 50 से भी अधिक सेल्‍फ हेल्‍प ग्रुप इसे संरक्षित करने के काम में जुटे हैं। इनमें महिलाओं की बहुत बड़ी भागीदारी है। और यही तो मेक इन इंडिया की स्प्रिट है।

 

प्रधानमंत्री ने लोगों से आने वाले त्‍यौहारों के दौरान देश में बने उत्‍पाद खरीदने का भी आग्रह किया।  रोजगार में बदलावों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नये सेक्‍टर के उभरने के साथ-साथ रोजगार की प्रकृति भी बदल रही है। श्री मोदी ने क्रियेट इन इंडिया थीम की 25 चुनौतियों के बारे में बताया।

 

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने ‘क्रियेट इन इंडिया’ इस थीम के तहत 25 चैलेंजिस शुरू किए हैं। कुछ चैलेंजिस तो म्‍यूजिक, एजुकेशन और यहाँ तक कि एंटी पाइरेसी पर भी फोक्‍सड़ हैं। देश-भर के क्रियेटर्स से मेरा विशेष आग्रह है कि वे इसमें जरूर हिस्सा लें और अपनी क्रियटिविटी को सामने लाएं।

 

इस वर्ष दो अक्‍तूबर को दस वर्ष पूरा कर रहे स्‍वच्‍छ भारत मिशन की सफलता का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह इस मिशन की ही सफलता है कि ‘कचरे से कंचनका मंत्र लोगों में लोकप्रिय हो रहा है। उन्‍होंने कहा कि अब लोगों ने रिडयूस, रियूज और रिसाइकिल की बात करनी शुरू कर दी है। उन्‍होंने इस मिशन को जन अभियान बनाने वाले लोगों की सराहना की।

 

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में एक सीमावर्ती गाँव है ‘झाला’। यहां के युवाओं ने अपने गाँव को स्वच्छ रखने के लिए एक खास पहल शुरू की है। वे अपने गाँव में ‘धन्यवाद प्रकृति’ या कहें ‘थैंक्‍यू नेचर’ अभियान चला रहे हैं। इसके तहत गाँव में रोजाना दो घंटे सफाई की जाती है। इससे झाला गाँव भी स्वच्छ हो रहा है और लोग जागरूक भी हो रहे हैं।

 

पौधरोपण महाअभियान ‘एक पेड मां के नाम’ में भाग लेने के लिए लोगों को प्रोत्‍साहित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे समाज को इसके आश्‍चर्यजनक परिणाम मिले हैं जो प्रेरणादायी हैं।

 

‘एक पेड़ मां के नाम’ – ये अभियान अदभुत अभियान रहा, जन-भागीदारी का ऐसा उदाहरण वाकई बहुत प्रेरित करने वाला है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर शुरू किये गए इस अभियान में देश के कोने-कोने में लोगों ने कमाल कर दिखाया है। उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना ने लक्ष्य से अधिक संख्या में पौधारोपण  कर नया रिकार्ड बनाया है।

 

प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण के महत्‍व को रेखांकित करते हुए कैच द रेन अभियान की भी बात की। श्री मोदी ने बुंदेलखंड क्षेत्र में झांसी का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ महिलाओं ने यहां की घुरारी नदी को नया जीवन दिया है।

 

बारिश के दिनों में बचाया गया पानी, जल संकट के महीनों में बहुत मदद करता है, और यही ‘कैच द रेन‘ जैसे अभियानों की  भावना है। झांसी में कुछ महिलाओं ने घुरारी नदी को नया जीवन दिया है। इन जल सहेलियों ने बोरियों में बालू भरकर चेकडैम तैयार किया, बारिश का पानी बर्बाद होने से रोका। सैकड़ों जलाशयों के निर्माण और उनके रिवाइवल में भी बढ़-चढ़कर हाथ बटाया है।

 

विकास भी विरासत है भी, इस मंत्र पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने अपने हाल के अमरीका दौरे में अमरीका द्वारा करीब तीन सौ प्राचीन कलाकृतियां लौटाये जाने का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि अमरीका के राष्‍ट्रपति जो० बाइडेन ने अपने निजी आवास में उन्‍हें इनमें से कुछ कलाकृतियां दिखाईं। मातृभाषा के महत्‍व पर बल देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे देश में बीस हजार भाषायें और बोलियां हैं। उन्‍होंने इन भाषाओं, विशेषकर संथाली भाषा को संरक्षित करने के प्रयासों की सराहना की। मन की बात कार्यक्रम की 114वीं कडी में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह कडी उनके लिए विशेष रूप से भावुक कर देने वाली है क्‍योंकि इसके साथ ही इस कार्यक्रम के दस वर्ष पूरे हो रहे हैं।  प्रधानमंत्री ने आकाशवाणी, दूरदर्शन और प्रसार भारती से जुडे लोगों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही ये कार्यक्रम इस महत्‍वपूर्ण पडाव तक पहुंच सका है।

 

मैं आज दूरदर्शन, प्रसार भारती और ऑल इंडिया रेडियो से जुड़े सभी लोगों की भी सराहना करूंगा। उनके अथक प्रयासों से ‘मन की बात’ इस महत्वपूर्ण पड़ाव तक पहुंचा है।

 

त्‍यौहारों के मौसम का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नवरात्र से शुरू होकर अगले दो महीनों तक देश में पूजा-अर्चना, व्रत-उपवास और उत्‍सव-उल्‍लास का माहौल रहेगा। प्रधानमंत्री ने आने वाले त्‍यौहारों के लिए अपनी शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।

 

********

 

केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि भारत की वित्तीय स्थिति दुनिया के सभी देशों की तुलना में सबसे मजबूत है। आज नई दिल्‍ली में संकल्‍प न्‍यास प्रतिष्‍ठान द्वारा आयोजित व्‍याख्‍यान श्रृंखला के 10वें संस्‍करण के सत्र को संबोधित करते हुए श्री वैष्‍णव ने कहा कि  अन्‍य देशों के तुलना में भारत में उच्‍च वृद्धि और मुद्रास्‍फीति की निम्‍न दर है। श्री वैष्‍णव ने आर्थिक विकास के चार स्‍तंभों का भी उल्‍लेख किया।

 

********

 

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा। जम्मू संभाग की 24 विधानसभा सीटों सहित केंद्र शासित प्रदेश के 40 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पहली अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। आज हम जम्मू जिले के आर.एस. पुरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी दे रहे हैं।

 

आर.एस. पुरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1 लाख 30 हजार 107 पंजीकृत मतदाता हैं। आर.एस. पुरा विधानसभा क्षेत्र में 14 उम्मीदवार हैं, जिनमें 6 निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल हैं। इस चरण में एनसी-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार, रमन भल्ला, बीजेपी के उम्‍मीदवार नरिंदर सिंह रैना, जेकेपीडीपी नेता नरिंदर शर्मा, डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के चौधरी गारू राम शामिल हैा। सीधा मुकाबला एनसी-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार रमन भल्ला और बीजेपी के उम्‍मीदवार नरिंदर सिंह रैना में माना जा रहा है। निर्वाचन क्षेत्र में सुचारू और घटना मुक्त चुनाव सुनिश्चित कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदाताओं के लिए निर्वाचन क्षेत्र में न्यूनतम सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्‍मू से गुलशन रैना।

 

********

 

इधर, हरियाणा में एक ही चरण में नब्‍बे विधानसभा सीटों पर पांच अक्‍तूबर को मतदान होगा। मतगणना 8 अक्‍टूबर को होगी।

 

********

 

जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी गठबंधन ने आज हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया। यह घोषणा पत्र पूर्व उप-मुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला और आजाद समाज पार्टी प्रमुख चन्‍द्रशेखर आजाद ने सिरसा में संयुक्‍त रूप से जारी किया। एक रिपोर्ट-

 

दुष्‍यंत चौटाला ने घोषणा पत्र के माध्‍यम से वादा किया कि उनकी सरकार हरियाणा में प्रत्‍येक फसल को न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य पर खरीदेगी। उन्‍होंने कहा कि फसल का नुकसान होने पर किसानों को 25 हजार रुपये प्रति एकड का मुआवजा दिया जायेगा। किसानों के लिए जननायक फसल संरक्षण योजना शुरू की जायेगी और बेरोजगारों को प्रतिमाह 11 हजार रुपये दिये जायेंगे। पत्र में यह भी कहा गया है कि अग्नि‍वीर योद्धाओं के लिए उच्‍च शिक्षा की व्‍यवस्‍था की जाएगी तथा एक लाख महिलाओं को नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा जींद में आईआईटी का निर्माण, सोनीपत में कबड्डी स्‍टेडियम, झज्‍जर में अंतर्राष्‍ट्रीय खेल स्‍टेडियम और फतेहाबाद में खाद्य प्रसंस्‍करण और प्रौद्योगिकी के लिए अंतर्राष्‍ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण का वादा किया गया है। घोषणा पत्र में भिवानी को एक सक्षम शिक्षा शहर के रूप में विकसित करने का भी वादा किया गया है। चंडीगढ़ से आकांक्षा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मुकेश कुमार।

 

********

 

नेपाल में तीन दिन से हो रही तेज वर्षा और भूस्खलन के कारण मृतकों की संख्या 125 हो गई है। 45 से ज्यादा लोग घायल हो गये हैं। एक रिपोर्ट –

 

कार्यवाहक प्रधानमंत्री प्रकाश मान सिंह ने सभी सरकारी मशीनरी को त्वरित आपदा राहत जुटाने का निर्देश दिया है और नेपाल में मौजूदा बाढ़ की स्थिति पर चर्चा के लिए सिंह दरबार में आज एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सुरक्षाकर्मी सिविल सेवकों, समुदाय-आधारित संगठनों, राजनीतिक दलों, नागरिक समाज और स्थानीय लोगों की मदद से खोज, बचाव, राहत और पुनर्वास में चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। आज दोपहर देशभर में मौसम में सुधार होने के बाद त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ-साथ देश के आठ अन्य हवाई अड्डों से घरेलू हवाई परिवहन सेवा फिर से शुरू हो गई है। खराब मौसम के कारण शुक्रवार और शनिवार को 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। सुरखेत हवाई अड्डे को छोड़कर सभी हवाई अड्डों से नियमित उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं। काठमांडू से श्वेता सिंह की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

********

 

मौसम विभाग ने अगले 5-6 दिनों के दौरान देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार ओडिशा में आज और 1 से 5 अक्टूबर तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में तेज वर्षा होने की संभावना है।

 

********

 

बिहार में कोसी और गंडक नदी के दो बांधों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने पर राज्‍य के निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों के दौरान नेपाल और उत्तरी बिहार में तेज बारिश हो रही है। इसके कारण गंडक, कोसी, महानंदा और अन्य सहायक नदियां उफान पर हैं। इसे देखते हुए 13 ज़िलों में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।

 

********

 

आज दुनिया भर में विश्व हृदय दिवस मनाया जा रहा है। हर साल 29 सितंबर को हृदय रोगों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और विश्व स्तर पर हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए यह दिन मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है- यूज़ हार्ट फॉर एक्शन। इस अवसर पर केंद्रीय अल्पसंख्यक और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नई दिल्ली में इंडिया गेट से भारत मंडपम तक तीन किलोमीटर की मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्‍होंने जनता को शुभकामनाएं दीं और उनसे हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

 

********

 

कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम मे भारत और बंगलादेश के बीच दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल मैदान गीला होने के कारण रद्द कर दिया गया है। बंगलादेश ने पहले दिन तीन विकेट पर 107 रन बनाये थे। पहले दिन का खेल समाप्त होते समय मोमिनुल हक़ 40 और मुशफिकुर रहीम 6 रन रन पर खेल रहे थे। कल दूसरे दिन का खेल भी वर्षा के कारण पूरी तरह बाधित रहा। दो मैचों की श्रृंखला में भारत एक-शून्‍य से आगे है। पहले मैच में भारत ने बंगलादेश को 280 रन से हराया था।

 

********

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने महाराष्‍ट्र में 11 हजार दो सौ करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण किया।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में कहा- मेक इन इंडिया से भारत  विनिर्माण का केंद्र बना। उन्‍होंने लोगों से स्‍वच्‍छता अभियान, जल संरक्षण और पौधारोपण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
  • प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के 10 वर्ष पूरा होने पर आकाशवाणी, दूरदर्शन और प्रसार भारती के प्रयासों की प्रशंसा की।
  • जम्‍मू-कश्‍मीर विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण का प्रचार आज शाम समाप्‍त हो जाएगा।
  • जननायक जनता पार्टी और आजाद समाज पार्टी गठबंधन ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र में हर फसल के लिए न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य का वादा किया।
  • नेपाल में बाढ और भूस्‍खलन से एक सौ 25 लोगों की मौत।
  • केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विश्‍व हृदय दिवस पर दिल्‍ली में मैराथन दौड़ को रवाना किया।

 

********