मुख्य समाचार:-
- केरल के वायनाड भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढकर एक सौ 65 हो गई है। राहत और बचाव कार्य जोरों पर।
- सरकार ने कहा – बुलेट ट्रेन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
- 1983 बैच की आईएएस अधिकारी प्रीति सूदन को संघ लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
- हमास के राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हनिया की ईरान की राजधानी तेहरान में हत्या।
- मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
- और पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय मुक्केबाज, तीरंदाज, बैडमिन्टन खिलाडी और निशानेबाज स्पर्धा में भाग लेंगे।
—————————–
केरल के वायनाड में हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या एक सौ 65 हो गई है। यह संख्या बढ़ने की आशंका है। सेना, नौसेना, वायु सेना, आपदा मोचन बल, एन डी आर एफ और अन्य एजेंसियां प्रभावित इलाकों में बडे पैमाने पर राहत अभियान चला रही हैं। अनेक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, कुछ शवों को बाहर निकाला जा रहा है। पुलिस के स्नाइफर डॉग मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने के लिए तैनात किए गए हैं।
इस क्षेत्र में डिफेंस सिक्योरिटी कोर सेंटर और प्रादेशिक सेना की चार राहत टुकडियां तैनात की गई हैं। बैले पुल और अन्य जरूरी उपकरण वायनाड पहुंचाए जा रहे हैं।
सशस्त्र बलों ने कल रात प्रभावित इलाके से 70 शवों को निकाला है और लगभग एक हजार लोगों को बचाया है। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और गोवा के राज्यपाल पी एस श्री धरन पिल्लई ने आज वायनाड का दौरा किया। एक रिपोर्ट-
वायनाड जिले में भूस्खलन से प्रभावित चूरलमाला और मुंडाकाई पूरी तरह से तबाह हो गए हैं, जिससे बड़े पैमाने पर जान–माल की क्षति हुई है। एक सौ छियासी लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। केवल वायनाड में विभिन्न राहत शिविरों में 3000 से अधिक लोग हैं। राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए मुंडाकाई में सेना द्वारा बेली ब्रिज का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस बीच मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन आज स्थिति का जायजा लेने के लिए उच्च स्तरीय बैठक कर रहे हैं। वायनाड से मयूषा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।
—————————–
झारखंड में दक्षिण मध्य रेलवे के टाटानगर, चक्रधरपुर, रेल सेक्शन पर रेल यातायात बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हावडा मुंबई मेल की 18 में से 16 बोगियों को रेलवे ट्रेक से हटाया गया है। सभी बोगियों को हटाने के बाद ही रेल मार्ग की मरम्मत और विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा। कल सुबह चक्रधरपुर रेल डिवीजन के अंतर्गत खरसावा रेलवे स्टेशन के पास हावडा मुंबई मेल के 18 डिब्बे पटरी से उतरने के कारण रेल यातायात बाधित है। दक्षिण पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि इस सेक्शन पर रेल यातायात जल्द बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
—————————–
लोकसभा में जातीय जनगणना पर विपक्ष के हंगामे के कारण दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। आज सवेरे सदन की कार्रवाई शुरू होते ही कांग्रेस सदस्यों ने इस मुद्दे को उठाना चाहा। बाद में कांग्रेस, डीएमके, समाजवादी पार्टी और अन्य सदस्य अपनी मांग के समर्थन में सदन के बीचोंबीच पहुंच गए। अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से लगातार अपनी सीटों पर जाने को कहा लेकिन विपक्ष के सदस्य लगातार नारेबाजी करते रहे। शोरशराबे के बीच अध्यक्ष ने प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सदन की कार्रवाई को योजनाबद्ध तरीके से बाधित करना उचित नहीं है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इस पर विपक्ष की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सैन्य बलों के खिलाफ टिप्पणी करके देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। श्री रिजिजू ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में हिंसा भड़काने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस पार्टी सुबह-शाम, दिन-रात जाति, जाति, जाति करते रहते हैं। भारत जोडो यात्रा करता है वो हर आदमी से जाति पूछता है। जाति पूछ-पूछ कर देश का विभाजन करने का षडयंत्र कांग्रेस ने किया है। और जब राहुल गांधी का जाति का बात हुआ तो फिर वो इतना हंगामा कर रहे हैं। देश के लोगों का जाति पूछेंगे राहुल गांधी के जाति को नहीं पूछ सकते हैं।
—————————–
लोकसभा में आज 2024-25 के आम बजट में रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर फिर चर्चा शुरू हुई। इसमें भाग लेते हुए डीएमके के टीएम सेलवागणपति ने सरकार पर तमिलनाडु में रेलवे परियोजनाओं के लिए कम अनुदान देने का आरोप लगाया। भाजपा के दिलीप सैकिया ने कहा कि देश में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्वस्तरीय रेलवे बुनियादी ढांचे का निर्माण किया गया है। समाजवादी पार्टी के देवेश शाक्य, तृणमूल कांग्रेस के बापी हलधर और कांग्रेस के हरीशचंद्र मीणा ने चर्चा में भाग लिया।
—————————–
सरकार ने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा देश में पहली बार परियोजना के तहत समुद्र के 30 मीटर नीचे 21 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण किया जा रहा है।
बुलेट ट्रेन की डिजाइन में एक अहम अध्ययन के साथ बहुत ध्यान से और जापान के जो सबसे अच्छे एक्स्पर्ट्स हैं उन एक्सपर्ट्स के साथ चर्चा करके ट्रेन डिजाइन किया गया है। इसका जो फाउंडेशन है और जो पिलर है और जो वायर डक्ट है करीब–करीब उसमें तीन सौ बीस किलोमीटर का ग्रेस हो गया है। टोटल प्रोजेक्ट पांच किलोमीटर का है लेकिन जैसे ही श्री शिंदे जी और देवेन्द्र फडणवीस जी की सरकार आई तुरंत उन्होंने सारी परमिशन्स ली। स्टेशन का काम बडी तेजी से चल रहा है।
—————————–
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के गठन के बाद से पांच करोड़ से अधिक अभ्यार्थी एजेंसी की विभिन्न परीक्षाओं में उपस्थित हुए हैं। इसने अब तक दौ सौ पचास परीक्षाएं आयोजित की हैं। सरकार ने पिछले 10 वर्षों में मेडिकल सीटें बढ़ाकर एक लाख दस हजार कर दीं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज राज्यसभा में एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए सदन को यह जानकारी दी।
—————————–
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव और 1983-बैच की आईएएस अधिकारी प्रीति सूदन को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुश्री सूदन की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वे कल से कार्यभार संभालेंगी। सुश्री सूदन डॉ. मनोज सोनी का स्थान लेंगी, जिन्होंने इस महीने की शुरुआत में अपना कार्यकाल समाप्त होने से पहले इस्तीफा दे दिया था।
—————————–
लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने मणिपुर के राज्यपाल पद की शपथ ली। आज सवेरे इम्फाल के राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सिद्धार्थ मृदुल ने उन्हें पद की शपथ दिलाई।
—————————–
ओम प्रकाश माथुर ने आज सिक्किम के 16वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। गंगटोक में राजभवन में आयोजित एक समारोह के दौरान सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बिस्वनाथ सोमद्दर ने श्री माथुर को पद की शपथ दिलाई।
—————————–
पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने आज झारखण्ड के नये राज्यपाल की शपथ ली। झारखण्ड उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद ने उन्हें रांची के राजभवन में शपथ दिलाई।
—————————–
गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब राजभवन में पंजाब के नए राज्यपाल और चंडीगढ़ प्रशासक के रूप में शपथ ली। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शील नागू ने उन्हें शपथ दिलाई।
—————————–
दिल्ली उच्च न्यायालय ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार और दिल्ली नगर निगम को राष्ट्रीय राजधानी के एक कोचिंग सेंटर में संघ लोक सेवा आयोग – यूपीएससी के छात्रों की मृत्यु पर फटकार लगाई है। न्यायालय ने कहा कि ऐसी त्रासदियां होना तय है जब “मुफ्तखोरी संस्कृति” के कारण करों का संग्रहण नहीं होता है
न्यायालय ने कहा कि बहुमंजिला इमारतें संचालित करने की मंजूरी दे दी जाती है लेकिन उसमें जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होती।
—————————–
पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने क्षमता निर्माण और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग से देश की संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने में सरकार के प्रयासों की सराहना की। नई दिल्ली में आज मीडिया के साथ बातचीत में श्री शेखावत ने कहा कि सरकार कई भारतीय स्थलों को विरासत सूची में शामिल कराने का प्रयास कर रही है। श्री शेखावत ने बताया कि पिछले दस वर्षों में देश के 13 स्थलों को विरासत सूची में शामिल किया गया है।
दो हजार से ज्यादा डेलिगेट्स जिस कार्यक्रम में उपस्थित होने थे। ऐसा कार्यक्रम आयोजित कर भारत की जो कैपेसिटी जी-20 के बाद में बढ़ी है उसका नायाब उदाहरण जो है वो देखने को मिला है। वर्ल्ड हेरिटेज कमेटी की मीटिंग में जो देश में पहली बार आयोजित हुई उसमें भारत की एक और पुरा महत्व की संपदा असम के सवाई देव जिले में जो मोइडाम्स हैं वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में सम्मिलित किया गया है।
—————————–
भारतीय सूचना सेवा से पूर्व सुरेश चंद्र शर्मा का आज नई दिल्ली में निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। श्री शर्मा वर्ष 2000 में आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग से संयुक्त निदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने सूचना प्रसारण मंत्रालय की कई मीडिया इकाईयों में सेवाएं प्रदान की।
—————————–
हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हनिया की तेहरान में हत्या कर दी गई। ईरानी सेना ने एक बयान में बताया कि हनिया को उनके एक अंगरक्षक के साथ ईरानी राजधानी में उनके आवास पर मार दिया गया, वे कल ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियॉं के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए आए थे।
—————————–
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के पश्चिमोत्तर, पूर्वोत्तर, पश्चिम, मध्य और दक्षिणी भागों में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। देश के बहुत से क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक बहुत तेज बारिश होगी।
—————————–
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, पीलीभीत, मऊ, जौनपुर और अन्य जिलों में आज बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आज मध्यम से तेज वर्षा हुई।
—————————–
निशानेबाजी में पुरुषों की पचास मीटर राइफल थ्री पोजिशन क्वालिफिकेशन राउंड शुरू हो चुका है। इसमें भारतीय निशानेबाज ऐशवर्य प्रताप सिंह तोमर और स्वपनिल कौसाले हिस्सा लेंगे। आठ शीर्ष निशानेबाजों को फाइनल में जगह मिलेगी।
महिलाओं की ट्रैप निशानेबाजी क्वालिफिकेशन में पहले दिन 68 अंक हासिल करने वाली श्रेयसी सिंह और राजेश्वरी कुमारी क्वालिफिकेशन राउंड के दूसरे दिन आज स्पर्धा में हिस्सा लेंगी। अनुष अग्रवाला आज घुड़सवारी के व्यक्तिगत राउंड में भागीदारी करेंगे।
बैडमिंटन के पुरुष सिंगल्स के ग्रुप चरण में एच. एस. प्रणॉय का सामना वियतनाम के डक फैट ले से होगा, जबकि लक्ष्य सेन का मुकाबला इंडोनेशिया के जोनातन क्रिस्टी से होगा। महिलाओं के सिंगल्स ग्रुप चरण में पी. वी. सिंधु आज एस्टोनिया की क्रिस्टीन क्यूबा से खेलेंगी। टेबल टेनिस में महिला सिंगल्स के 32वें दौर में श्रीजा अकुला का सामना सिंगापुर की जियान ज़ैंग से होगा।
तीरंदाजी में पुरुषों के एलिमिनेशन राउंड में तरूणदीप राय और महिलाओं की एलिमिनेशन राउंड में दीपिका कुमारी प्रतिस्पर्धा करेंगी। आकाशवाणी समाचार के लिए कनकलता।
—————————–
और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
- केरल के वायनाड भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढकर एक सौ 65 हो गई है। राहत और बचाव कार्य जोरों पर।
- सरकार ने कहा – बुलेट ट्रेन परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
- 1983 बैच की आईएएस अधिकारी प्रीति सूदन को संघ लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
- हमास के राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हनिया की ईरान की राजधानी तेहरान में हत्या।
- मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए देश में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
- पेरिस ओलंपिक में आज भारतीय मुक्केबाज, तीरंदाज, बैडमिन्टन खिलाडी और निशानेबाज स्पर्धा में भाग लेंगे।
—————————–