मुख्य समाचार :-
- चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुद्दुचेरी में रोड शो किया।
- कालियाचक में न्यायिक अधिकारियों की घेराबंदी की जांच के लिए एनआईए के 40 सदस्यों का दल पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचा।
- सरकार ने देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता का आश्वासन दिया। नागरिकों से अफरा-तफरी में खरीदारी न करने का आग्रह।
- पश्चिम एशिया संघर्ष के 35वें दिन अमरीका, इस्राएल और ईरान के एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले जारी।
- विश्व भर में इसाई समुदाय के लोग गुड फ्राइडे पर प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन कर रहे हैं।
- एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में निकहत ज़रीन, प्रिया और प्रीति पवार के महिला सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत के तीन पदक पक्के।
- रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन; कर्नाटक 23 स्वर्ण पदक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर।
****
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुद्दुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। एक किलोमीटर से अधिक लंबे रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. पी. रामलिंगम और गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम प्रधानमंत्री के साथ थे। रोड शो में बडी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
****
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 27 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। ए आई ए डी एम के पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के तहत भारतीय जनता पार्टी इन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सूची में केन्द्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, तेलंगाना और पुद्दुचेरी की पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदराजन और प्रदेश भाजपा प्रमुख एन. नागेंद्रन के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस ने भी 28 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवरों की घोषणा की है। सोमवार को नामांकन भरने का अंतिम दिन है।
****
विधानसभा चुनाव में निर्वाचन क्षेत्र प्रोफाइल की हमारी श्रृंखला के अंतर्गत आज हम केन्द्रशासित प्रदेश पुद्दुचेरी में कराईकल दक्षिण विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
कराईकल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 30 हजार 115 मतदाता हैं, इनमें 13 हजार 986 पुरुष, 16 हजार 128 महिला और एक ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 35 मतदान केंद्र हैं। 2021 के विधानसभा चुनाव में, डीएमके के ए. एम. एच. नाज़िम निर्वाचित हुए थे। इस बार उनके सामने भाजपा के एम. अरुल मुरुगन और कांग्रेस के एवीएस शक्तिवेल प्रभु हैं। पिछले चुनाव में उपविजेता रहे एआईएडीएमके विधायक के. ए. यू. असाना इस बार तमिलगा वेत्री कज़गम के उम्मीदवार हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव को प्रभावित करने वाले प्रमुख मुद्दों में पेयजल की कमी, खारा पानी, अवसंरचना विकास, मछुआरों की चिंताएं, तटीय कटाव और चक्रवाती मौसम के दौरान बाढ़ की समस्या शामिल हैं। पु्द्दुचेरी से बिबिन एस नाथ की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।
****
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एन आई ए की 40 सदस्यों का एक दल पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में अधिकारियों की घेराबंदी की जांच के लिए पहुंच गया है। यह दल कालियाचक-II खण्ड विकास कार्यालय में सात न्यायिक अधिकारियों की घेराबंदी की जांच करेगा। अधिकारियों ने बताया है कि जांच में केंद्रीय बलों द्वारा उन्हें बचाने के प्रयास के दौरान अधिकारियों पर हुए हमले की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस ने इससे पहले कार्यालय को घेरने वाली भीड़ को उकसाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची में नाम शामिल करने की मांग कर रहे थे और उन्होंने अधिकारियों को नौ घंटे से अधिक समय तक बिना भोजन और पानी के इमारत के अंदर बंद रखा था।
****
निर्वाचन आयोग ने आज खंडाघोष विकास खंड के एक संयुक्त खंड विकास अधिकारी को टीएमसी के लिए प्रचार करने के आरोप में तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश पर आयोग ने बीडीओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। आयोग ने कल सुबह 11 बजे तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी है।
****
सरकार ने आश्वस्त किया है कि वह देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का हरसंभव प्रयास कर रही है। सरकार ने नागरिकों को अफरा-तफरी में पेट्रोल और डीजल की खरीददारी न करने और एलपीजी की अनावश्यक बुकिंग से बचने की सलाह दी है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अपर मुख्य सचिवों और प्रधान सचिवों के साथ ईंधन आपूर्ति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए उपायों का उल्लेख किया। बैठक में राज्यों को एलपीजी वितरण के घरेलू और आवश्यक जरूरतों पर प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। प्रवासी श्रमिकों को एफटीएल एलपीजी आपूर्ति से सम्बंधित रिपोर्ट में राज्यों ने स्पष्ट किया है कि प्रवासी श्रमिकों को एलपीजी आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है। मंत्रालय ने कहा कि पीएनजी विस्तार सुधारों के तहत दस राज्यों को अतिरिक्त एलपीजी प्राप्त हुई है। पीएनजी विस्तार में तेजी आई है और मार्च से अब तक लगभग तीन लाख 42 हजार पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं और तीन लाख सत्तर हजार नए पंजीकरण किए गए हैं। पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि संघर्षरत क्षेत्र से अब तक ग्यारह सौ से अधिक भारतीय नाविकों को स्वदेश लाया गया है। अमन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा।
****
वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर पश्चिमी एशिया संघर्ष के प्रभाव के बावजूद भारत में एलपीजी की आपूर्ति पर्याप्त बनी हुई है। इंडियन ऑयल ने कहा है कि रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति जारी है और वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 28 लाख एलपीजी सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। यह वितरण मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों के शुरू होने से पहले के सामान्य स्तरों के अनुरूप है। इंडियन ऑयल के अनुसार वर्तमान में लगभग 87 प्रतिशत बुकिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त होती हैं। कंपनी ने कहा कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए एलपीजी वितरकों के अचानक निरीक्षण करने के लिए कई टीमें तैनात की गई हैं।
****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक 2026 के पारित होने से देश में जीवन-यापन और व्यापार सुगमता को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विधेयक विश्वास पर आधारित ढांचे को मजबूत करता है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि संसद में जन विश्वास विधेयक 2026 का पारित होना जीवन और व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि इस विधेयक में किए गए सुधार समय, वित्त और प्रशासनिक दबाव को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आज नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में श्री गोयल ने यह बात कही।
हमने एक ही कानून के अंतर्गत संसद की 79 अलग-अलग अधिनियमों से संबंधित एक हजार प्रावधानों को अपराध की श्रेणी से हटाकर सरल बनाया है और आम आदमी लघु और मध्यम उद्यमों, उद्यमियों स्टार्टअप और व्यवसायों के लिए इसे आसान बना दिया गया है। वास्तव में यह वर्ष 2047 तक विकसित भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
संसद ने जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक, 2026 पारित कर दिया है। इस विधेयक के माध्यम से देश भर में कानून लागू करने के तरीके में महत्वपूर्ण बदलाव आएंगे। इस नए कानून का उद्देश्य अनावश्यक जुर्माना कम करके और नियमों को सरल बनाकर व्यवसायों और नागरिकों के लिए जीवन आसान बनाना है।
****
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज नई दिल्ली में रेल अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करना भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से इस लक्ष्य की दिशा में सामूहिक रूप से काम करने का आह्वान किया और पिछले वर्ष के सराहनीय प्रदर्शन के लिए रेलवे कर्मचारियों को बधाई दी।
श्री वैष्णव ने कहा कि रेल दुर्घटनाओं में ऐतिहासिक कमी और रिकॉर्ड माल ढुलाई से रेलवे की छवि में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
****
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुजरात में दीनदयाल पत्तन प्राधिकरण की पत्तन संपर्क परियोजना के लिए लगभग एक अरब 32 करोड रुपए मंजूर किए हैं। यह देश में पत्तन विकास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
****
पश्चिम एशिया संघर्ष के आज 35वें दिन ईरान के हमलों में कुवैत का एक जल शोधन संयंत्र क्षतिग्रस्त हो गया और एक रिफाइनरी में आग लग गई। वहीं, अमरीका और इस्राएल ने ईरान पर हवाई हमले किए। ईरान के खतम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता ने आज चेतावनी जारी करते हुए कहा कि देश के पुलों, बिजली संयंत्रों या ऊर्जा केन्द्रों पर किसी भी हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा।
कुवैत में, एक विद्युत और जलशोधन संयंत्र को ईरान के हमले के बाद काफी नुकसान पहुंचा है। कुवैत के पेयजल का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा जलशोधन संयंत्र पर निर्भर है, दूसरी तरफ ईरान ने कुवैत के बिजली और जल शोधन संयंत्र को निशाना बनाने की खबरों को खारिज कर दिया। संयुक्त अरब अमीरात में, हवाई हमले के दौरान गिरे मलबे से हबशान गैस संयंत्र में आग लग गई। एक अन्य हमले में अबू धाबी के अजबान इलाके में पांच भारतीय नागरिकों सहित 12 लोग घायल हो गए। ईरान ने सार्वजनिक रूप से खाड़ी के देशों में कई प्रमुख पुलों को निशाना बनाने के सम्भावित लक्ष्य के रूप में तय किया है। इसी के अनुसार आज सुबह कराज के पास ईरान के बी-वन पुल को नुकसान पहुंचा था। विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ अमन यादव।
खाड़ी देशों में ऊर्जा निर्यात, समुद्री मार्गों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे में हमले की आशंका बढ़ गई है। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री सुरक्षा से संबंधित बहरीन के एक मसौदा प्रस्ताव की समीक्षा करेगी। बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुललतीफ बिन राशिद अल ज़ायनी ने कहा कि यह कदम ईरान के अंतरराष्ट्रीय जहाजों पर नियंत्रण करने के अवैध प्रयासों के जवाब में उठाया गया है।
****
विश्वभर में आज गुड फ्राइडे के अवसर पर प्रभु यीशु के क्रूस पर चढ़ने की याद में प्रार्थनाएं और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।
दक्षिण गोवा में आज गुड फ्राइडे धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर लोगों ने पारंपरिक अनुष्ठानों और प्रार्थना के साथ प्रभु यीशु मसीह को सूली पर चढ़ाये जाने का स्मरण किया।
ईसाई मान्यता के अनुसार यीशु मसीह, मानव जाति को सच्चाई और धर्म का मार्ग दिखाने के लिए अपना बलिदान दिया था। अनुष्ठानों के हिस्से के रूप में, दक्षिण गोवा के चर्चों में क्रूस पर चढ़ाने की घटना का नाट्य रूपांतरण किया गया। मडगांव के मोंटे हिल चैपल में, प्रिस्ट फादर ओरलैंड वलाडारेस की उपस्थिति में विशेष प्रार्थनाएं और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान लगभग 25 मीटर ऊंचे एक बड़े क्रूस का उपयोग किया गया, जिस पर यीशु मसीह की प्रतिमा को प्रतीकात्मक रूप से स्थापित किया गया। दक्षिण गोवा के सभी चर्चों में गुड फ्राइडे के अनुष्ठान श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी के साथ सम्पन्न हुए। आकाशवाणी समाचार के लिए पणजी से महेश चोपड़े।
****
एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत के तीन पदक पक्के हो गये हैं। निकहत ज़रीन, प्रिया और प्रीति पवार ने आज शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
अब सेमीफाइनल में निकहत का मुकाबला चीन की वू यू से, प्रिया का मंगोलिया की नामुन मोनखोर से और प्रीति का इम ऐजी से होगा।
****
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स आज छत्तीसगढ़ में संपन्न हो गए। कर्नाटक 23 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदकों के साथ शीर्ष स्थान पर रहा। ओडिशा 21 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य पदकों के साथ दूसरे और झारखंड 16 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
****
मौसम विभाग ने कल जम्मू और कश्मीर, मुजफ्फरबाद, केरलम, माहे और लद्दाख में अत्यधिक बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग ने छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कल ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।
****
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुद्दुचेरी में रोड शो किया।
- कालियाचक में न्यायिक अधिकारियों की घेराबंदी की जांच के लिए एनआईए के 40 सदस्यों का दल पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचा।
- सरकार ने देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता का आश्वासन दिया। नागरिकों से अफरा-तफरी में खरीदारी न करने का आग्रह।
- पश्चिम एशिया संघर्ष के 35वें दिन अमरीका, इस्राएल और ईरान के एक-दूसरे के ठिकानों पर हमले जारी।
- विश्व भर में इसाई समुदाय के लोग गुड फ्राइडे पर प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन कर रहे हैं।
- एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में निकहत ज़रीन, प्रिया और प्रीति पवार के महिला सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत के तीन पदक पक्के।
- रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का समापन; कर्नाटक 23 स्वर्ण पदक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर।
****