Download
Mobile App

android apple
signal

September 28, 2024 10:47 AM

printer

समाचार प्रभात

मुख्‍य समाचार:-

  • जम्मू-कश्मीर में अंतिम चरण और हरियाणा में एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर।
  • भारतीय रेलवे आगामी त्योहारों को देखते हुए छह हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा।
  • भारत का विदेशी मुद्रा भंडार दो अरब 83 करोड़ डॉलर बढ़कर छह सौ 92 अरब 29 करोड़ डॉलर के नए उच्चतम स्तर पर पहुंचा।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्‍थायी सदस्‍यता की दावेदारी का समर्थन किया।
  • इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को निशाना बनाकर हमला किया।
  • मकाओ ओपन बैडमिंटन चैम्‍पियनशिप के महिला डबल्‍स के सेमीफाइनल में आज भारत की त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला ताइवान की जोड़ी से होगा।

 

 

————-

 

 

जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण और हरियाणा में एक ही चरण के मतदान के लिए राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर में अंतिम चरण में 40 विधानसभा सीटों के लिए पहली अक्‍तूबर को मतदान होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जम्मू में एक रैली को संबोधित करेंगे। रैली के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी आज केंद्र शासित प्रदेश में रैलियों को संबोधित करेंगी।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कल जम्मू के कठुआ में एक रैली को सम्‍बोधित करते हुए केंद्र शासित प्रदेश में शांतिपूर्ण विधानसभा चुनाव होने की सराहना की।

उधर, हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए 5 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए भी चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कल अंबाला, कुरूक्षेत्र और रेवारी में जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा की गई पहलों का उल्‍लेख किया।

कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा ने कल कालांवाली और डबवाली में रैलियों को संबोधित किया। आम आदमी पार्टी और अन्य क्षेत्रीय दलों के नेता भी अपने-अपने उम्मीदवारों के  पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। दोनों राज्यों में मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

 

 

————-

 

 

विधानसभा क्षेत्रों की जानकारी की श्रृंखला में आज प्रस्‍तुत है जम्‍मू-कश्‍मीर बारामूला सीट की जानकारी।

 

बारामुला विधानसभा क्षेत्र उत्तरी कश्मीर का एक प्रमुख क्षेत्र है। जहां एक अक्टूबर को तीसरे और आखिरी चरण में मतदान होगा। मतदान में 25 प्रत्याशियों का राजनीतिक भाग्य का फैसला 1 लाख 26 हजार 712 मतदाता करेंगे। प्रमुख प्रतियोगियों में पूर्व उपमुख्यमंत्री मुजफ्फर हुसैन बेग, नेशनल कांफ्रेंस के प्रत्याशी और पूर्व विधायक जावेद बेग और आवामी इतिहाद पार्टी के प्रत्याशी शोएब सबी लोन शामिल है। विधानसभा क्षेत्र में सभी प्रत्याशी रैलियां और रोड शोज़ आयोजित करके मतदाताओं को अपने पक्ष में और उनको लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। जबकि प्रशासन भी मत अधिकार के महत्व को उजागर करने के लिए स्‍विप के माध्यम से मतदाताओं को जागरूकता प्रदान कर रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 158 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं और चुनाव के सुचारू संचालक को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। आकाशवाणी समाचार के लिए श्रीनगर से मैं सुनील कौल।

 

 

————-

 

 

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा आज बिहार के दौरे पर रहेंगे। वे राज्य में पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे।

 

 

————-

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज तेलंगाना में हैदराबाद के नेशनल एकेडमी ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च  – नालसर यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। वह सिकंदराबाद में राष्ट्रपति निलयम में भारतीय कला महोत्सव का शुभारंभ भी करेंगी।

 

 

————-

 

 

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अवंतीपोरा में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से संबंध रखने वाले छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पु‍लिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद तथा विस्फोटकों के साथ-साथ अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

इस संबंध में पुलिस को विशेष जानकारी मिली थी कि जैश-ए-मोहम्मद संगठन का एक पाकिस्तानी आतंकवादी वैसे युवाओं की पहचान कर रहा है, जिन्‍हें प्रेरित कर संगठन में शामिल किया जा सके, ताकि उन्‍हें हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक उपलब्‍ध कराकर आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया जा सके। खुफिया जानकारी के आधार पर जांच शुरू की गई। मामले की जांच चल रही है और अधिक गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

 

 

————

 

 

भारतीय रेलवे आगामी त्योहारों को देखते हुए पहली अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच छह हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा। रेलवे हर साल लाखों यात्रियों की यात्रा सुगम बनाने के लिए त्योहारों के मौसम में विशेष ट्रेनें चलाता है। पिछले वर्षों की तुलना में विशेष ट्रेनों के परिचालन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले साल इस सीजन में 4,429 स्पेशल ट्रेन चलाई गई थीं।

 

————-

 

 

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 20 सितंबर को समाप्त सप्ताह में दो अरब 83 करोड़ डॉलर बढ़कर छह सौ 92 अरब 29 करोड़ डॉलर के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। आंकड़ों से पता चलता है कि विदेशी मुद्रा सम्‍पत्ति, जो विदेशी मुद्रा भंडार का एक बडा हिस्‍सा है, दो अरब 57 लाख डॉलर बढ़कर छह सौ पांच अरब 68 करोड साठ लाख डॉलर हो गई।

 

 

————-

 

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद – यूएनएससी में भारत की स्थायी सदस्‍यता की दावेदारी के समर्थन में आवाज उठाने वाले अमरीका और फ्रांस के नेताओं के साथ शामिल हो गए हैं। श्री स्टार्मर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा-यूएनजीए के 79वें सत्र को संबोधित करते हुए वैश्विक बहुपक्षीय प्रणाली को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण और उत्तरदायी बनाने के लिए सुधारों का आह्वान किया।

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने भारत के अलावा अफ्रीका, ब्राजील, जापान और जर्मनी के लिए सुरक्षा परिषद में स्थायी सीटों की भी वकालत की।

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने भी सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्य के रूप में भारत को शामिल करने का समर्थन किया। महासभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि भारत अपने महत्वपूर्ण आर्थिक विकास और ग्‍लोबल साउथ का नेतृत्व करते हुए सुरक्षा परिषद में स्थायी सीट का हकदार है। समाचार कक्ष से चन्‍द्रशेखर शर्मा।

 

 

————-

 

 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र को संबोधित करेंगे। जिसका विषय है – कोई पीछे न रह जाये: वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों के लिए शांति, सतत विकास और मानवीय गरिमा के उन्‍नयन के लिए मिलकर काम करना। विदेश मंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

 

 

————-

 

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने भारत और उज्बेकिस्तान के उद्यमियों के बीच सार्थक बातचीत और सहयोग को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया है। दोनों देशों के बीच नई द्विपक्षीय निवेश संधि-बीआईटी पर हस्ताक्षर के बाद वित्त मंत्री ने उज्‍बेकिस्‍तान के समरकंद में उज्बेकिस्तान-भारत बिजनेस फोरम को संबोधित किया। उन्‍होंने दोनों पक्षों के व्यापारिक समुदायों से आग्रह किया कि वे बीआईटी की मदद से निवेश के क्षेत्र में अपने संबंधों को नई दिशा दें।

 

————-

 

 

इस्राइल की सेना ने कल लेबनान की राजधानी बेरूत में कई आवासीय इमारतों पर हवाई हमले किए। इस्राइल और अमरीका के अधिकारियों ने कहा है कि हमले का उद्देश्य ईरान समर्थित सशस्त्र समूह हिजबुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह को निशाना बनाना था।

 

इज़रायल की सेना ने दावा किया है कि हमलों में रिहायशी इमारतों के नीचे स्थित हिज़्बुल्लाह के मुख्यालय को निशाना बनाया गया था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के समय हसन नसरल्लाह लक्षित इमारतों में मौजूद था या नहीं। हवाई हमलों से क्षेत्र में तनाव की आशंका बढ गई है। यह हमला इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में एक भडकाऊ भाषण देने के तुरंत बाद हुआ। नेतन्याहू ने गाजा और लेबनान में संघर्षों से निपटने के अपनी सरकार के तरीके का बचाव किया और संघर्ष विराम के अंतरराष्ट्रीय आह्वान के बावजूद लड़ाई जारी रखने की बात कही। जवाब में, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। यह कदम इज़रायली हमले के व्यापक क्षेत्रीय निहितार्थ की संभावना को दर्शाता है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती

 

 

————-

 

 

मकाओ ओपन बैडमिंटन चैम्‍पियनशिप के महिला डबल्‍स के सेमीफाइनल में आज भारत की त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी का मुकाबला ताइवान की हसिह पेई-शान और हंग एन-त्ज़ु से होगा। यह मैच भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर शुरू होगा।

 

 

————-

 

 

आज स्वर कोकिला लता मंगेशकर की 95वीं जयंती है। 70 वर्षों से अधिक के करियर में उन्‍होंने अनेक भाषाओं में 25 हजार से अधिक गाने गाऐं। दशकों तक अपनी आवाज से लोगों को मंत्रमुग्‍ध करने वाली स्‍वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर 6 फरवरी 2022 को पंचतत्व में विलीन हो गईं।

 

लता मंगेशकर लता मंगेशकर का जन्म साल 1929 में आज ही के दिन मध्य प्रदेश की इंदौर शहर में हुआ था लता की रुचि बचपन से ही संगीत में थी। शुरुआत में उन्होंने मराठी फिल्मों के लिए गाने गए बॉलीवुड में उनके गाने का सफर 40 के दशक में शुरू हुआ। 1949 में महल फिल्म में उनका गया गीत आएगा आने वाला सुपर डुपर हिट रहा है। (गाना) इसके बाद 60 की दशक में लता मंगेशकर ने कहीं दीप जले कहीं दिल जैसे गीतों से सबको सम्मोहित कर दिया। (गाना) लता मंगेशकर का आकाशवाणी के साथ रिश्ता भी अटूट रहा उन्होंने विविध भारती में फौजी भाइयों के लिए गीतों के कार्यक्रम को भी प्रस्तुत किया।

 

नमस्‍कार फौजी भाईयों, शुक्रिया विविध भारती का कि मेरे गीत तो आप तक पहुंचाते ही रहे हैं और आज मुझे आपसे बातें करने का भी अवसर दिया। उनके संगीत के समर्पण को भारत रत्न से नवाजा गया।

 

 

————-

 

 

लता मंगेशकर की जयंती पर उनकी बहन और गायिका मीना खादिकर ने आकाशवाणी के मुंबई संवाददाता से बातचीत में द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के साथ साझा किए गए संबंधों के बारे में बताया।

हमारे माननीय पंथ प्रधान जी को दीदी से बहुत उनका लगाव था। वो उसको अपनी बहन ही मानते थे और वह चीफ मिनिस्टर थे गुजरात के, तो पुणे में आए थे। क्योंकि हमारे हॉस्पिटल का ये था तो तब दीदी ने बोला कि ये मुझे लगता है कि नरेन्‍द्र मोदी भैय्या आप पंथ प्रधान हो जाएंगे। भगवान की दया है कि वो हो गये। तब से दोनों का बहुत अच्‍छा था। हम लोगों को भी बहुत प्यार करते हैं वह सब से बात करते हैं

 

 

————-

 

 

भारतीय सेना आज 198वां गनर्स डे मना रही है। 1827 में आज ही के दिन 5 बॉबे माउंटेन बैटरी नामक भारतीय सेना की पहली आर्टिलरी यूनिट की स्‍थापना की गई थी। आर्टिलरी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल आदोश कुमार ने आकाशवाणी के साथ बातचीत में बताया कि –

 

आत्मनिर्भर भारत के प्रण को ध्यान में रखते हुए तोपखाने का नवीनीकरण किया जा रहा है। पिनाका रॉकेट सिस्टम एक अत्यंत सफल एवं पूर्ण स्वदेशी वेपन सिस्टम है। पिनाका रेजिमेंट की संख्या शीघ्र ही बढ़ाई जा रही है। मिसाइल के क्षेत्र में उनकी रेंज और मारक क्षमता को बढ़ाने का काम तेजी से चल रहा है। आधुनिक तकनिकीकरण एवं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ट्रेंनिंग मेथाडोलॉजी में भी प्रभावी परिवर्तन किये जा रहे हैं।

 

 

————-

 

 

मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश में बहुत तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने आज महाराष्ट्र, गुजरात, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में अलग-अलग स्थानों पर और असम और मेघालय में तेज वर्षा का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

 

————-

 

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

आज के ज्‍यादातर अखबारों ने पराली जलाने से हो रहे प्रदूषण पर सर्वोच्‍च न्‍यायालय की फटकार को अपनी पहली हैडलाइन बनाया है। दैनिक जागरण लिखता है – वायु गुणवत्‍ता प्रबंधन आयोग के कदमों पर न्‍यायालय ने जताया असंतोष, कहा – सबकुछ हवा में चल रहा है। हिन्‍दुस्‍तान की भी ऐसी ही सुर्खी है – प्रदूषण की रोकथाम के दावे हवा-हवाई। देशबंधु ने लिखा है – दिल्‍ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट सख्‍त, कहा – प्रदूषण से आपात काल जैसे हालात। पंजाब केसरी लिखता है- कोर्ट ने पूछा- प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं?

कर्नाटक भूखंड आवंटन मामले में सिद्दारमैया के खिलाफ प्राथमिकी जनसत्‍ता की पहली खबर है।  अमर उजाला ने लिखा है – सीएम सिद्दा रमैया पर लोकायुक्‍त पुलिस ने दर्ज किया केस। राष्‍ट्रीय सहारा और अमर उजाला ने भी इसे प्रकाशित किया है।

अमर उजाला ने आर जी कर मैडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष पर लगे गंभीर आरोपों पर विशेष सीबीआई अदालत की टिप्‍पणी दी है – आरोप साबित हुए तो उन्‍हें मौत की सजा हो सकती है।

इंडिया गेट बासमती चावल में मिले ज्‍यादा कीटनाशक, कंपनी ने पैकेट बाजार से वापस लिया, सेवन से किडनी और लीवर पर असर पड़ सकता है – दैनिक भास्‍कर के पहले पन्‍ने पर है।  

 

 

————-

 

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

  • जम्मू-कश्मीर में अंतिम चरण और हरियाणा में एक ही चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम पर।
  • भारतीय रेलवे आगामी त्योहारों को देखते हुए छह हजार से अधिक विशेष ट्रेनें चलाएगा।
  • भारत का विदेशी मुद्रा भंडार दो अरब 83 करोड़ डॉलर बढ़कर छह सौ 92 अरब 29 करोड़ डॉलर के नए उच्चतम स्तर पर पहुंचा।
  • ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्‍थायी सदस्‍यता की दावेदारी का समर्थन किया।
  • इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को निशाना बनाकर हमला किया।
  • मकाओ ओपन बैडमिंटन चैम्‍पियनशिप के महिला डबल्‍स के सेमीफाइनल में आज भारत की त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला ताइवान की जोड़ी से होगा।

————-