Download
Mobile App

android apple
signal

April 6, 2024 4:32 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार

  • भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सहारनपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया, वे आज अजमेर में भी जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को गाजियाबाद में रोड शो करेंगे। कांग्रेस की जयपुर में बड़ी रैली।  
  • छत्‍तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्‍सली मारे गए।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण- एनआईए ने पश्चिम बंगाल के भूपति नगर विस्‍फोट मामले में दो प्रमुख षड्यंत्रकारियों को गिरफ्तार किया।
  • आईपीएल क्रिकेट में आज शाम जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से।
  • और भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच हॉकी मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज पर्थ में खेला जायेगा।  

 

*********

 

लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान में लगातार तेजी आ रही है। सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के वरिष्‍ठ नेता देश के विभिन्न हिस्सों में जन-सभाएं, और रोड-शो कर रहे हैं।

 

*********

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि यह चुनाव केवल सरकार गठन का चुनाव ही नहीं है बल्कि यह विकसित भारत का चुनाव है। श्री मोदी आज सहारनपुर में पार्टी के उम्‍मीदवार राघव लखनपाल और कैराना से भाजपा प्रत्‍याशी प्रदीप चौधरी के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ भी इस अवसर पर मौजूद थे।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि इरादा सही है तो परिणाम भी सही होगा। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करती है और हम चाहते हैं कि हमारी नीतियां प्रत्‍येक व्‍यक्ति तक पहुंचे और इसके लिए हमने दस वर्षों तक काम किया है। यही वास्‍तविक धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्‍याय है।

हमारी सोच यही है कि सरकार की योजनाएं हर वर्ग, हर जाति, हर व्‍यक्ति तक पहुंचे और इसलिए भाजपा सरकार ने 10 साल पूरी ताकत से काम किया है और हमारा तो मंत्र रहा है सेच्‍युरेशन शत प्रतिशत योजना लागू हो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चहुमुखी विकास के लिए काम किया है जिससे प्रत्‍येक नागरिक का जीवन आसान हुआ है। पिछले दस वर्षों में सरकार ने किसानों के विकास के लिए लगातार काम किया।

प्रधानमंत्री ने वोकल फॉर लोकल के बारे में बात करते हुए एक जिला, एक उत्‍पाद योजना की भी सराहना की। उन्‍होंने कहा कि अभी तक आप लोगों ने जो कुछ देखा है वो मात्र एक ट्रेलर है। विकसित भारत के लिए अभी बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है।

 

*********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज राजस्‍थान के अजमेर जिले के पुष्‍कर में भी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। अजमेर में पुष्‍कर से भाजपा के उम्‍मीदवारों के समर्थन में यह रैली आयोजित की जा रही है। लोकसभा चुनाव के लिए श्री मोदी की राजस्‍थान में यह तीसरी जनसभा है।

दूसरी ओर कांग्रेस अपने घोषणापत्र ‘न्‍यायपत्र’ के संबंध में, आज जयपुर में एक बडी जनसभा का आयोजन कर रही है। रैली को संबोधित करने के लिए कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और पार्टी की वरिष्‍ठ नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी जयपुर पहुंच चुके हैं। सुखजिन्‍दर सिंह रंधावा, अशोक गहलोत, प्रमोद तिवारी और कांग्रेस के अन्‍य वरिष्‍ठ नेता भी इस जनसभा में शामिल हो रहे हैं।

 

*********

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी इसके बाद शाम को गाजियाबाद में रोड शो करेंगे।

 

*********

 

केरल में एन डी ए उम्‍मीदवारों के समर्थन में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी अध्‍यक्ष जेपी नड्डा आज कोझिकोड जाएंगे। श्री नड्डा शाम को अरियिदा तूपलम और मुथाकुलम के बीच एक रोड शो भी आयोजित करेंगे।

 

*********

 

कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों के लिए आज छह उम्‍मीदवारों की एक और सूची जारी की। पार्टी ने उत्‍तरी गोवा निर्वाचन क्षेत्र से रमाकांत खलप और दक्षिणी गोवा निर्वाचन क्षेत्र से कैप्‍टन विरियाटो फर्नांडीस को मैदान में उतारा है। मध्‍य प्रदेश के मुरैना से सत्‍यपाल सिंह सिकरवार और ग्‍वालियर से प्रवीण पाठक पार्टी के उम्‍मीदवार होंगे।

 

*********

 

मतदाताओं की संख्‍या की दृष्टि से देश के सबसे छोटे लोकसभा संसदीय क्षेत्र, लक्षद्वीप में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। इस केंद्र शासित प्रदेश में एक लोकसभा संसदीय क्षेत्र है जो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। एक रिपोर्ट-

लक्षद्वीप संसदीय क्षेत्र में आम चुनाव के लिए चार उम्‍मीदवार मैदान में हैं। वर्तमान सांसद और राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट के मोहम्मद फैसल, पूर्व सांसद और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के हम्दुलिल्लाह सईद, भाजपा समर्थित राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अजीत पवार गुट के टीपी यूसुफ और निर्दलीय के. कोया लक्षद्वीप लोकसभा सीट के लिए चुनाव मैदान में हैं। 10 द्वीपों में 55 मतदाता केन्‍द्र बनाये गये हैं। पहली बार मतदान करने वाले लगभग दो हजार युवा मतदाताओं की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होगी। तिरूवनंतपुरम से मयूषा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जया भारती

 

*********

 

तेलंगाना सीमा के पास छत्‍तीसगढ़ के बीजापुर जिले में घने जंगलों में आज सुबह सुरक्षा बलों के साथ गोली-बारी में तीन नक्‍सली मारे गए। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यह मुठभेड़ तेलंगाना के मुलुगी जिले की अंतरराज्‍यीय सीमा के पास पुजारी कांकेर जंगल में हुई। गुप्‍त सूचना मिलने के बाद तेलंगाना के नक्‍सल रोधी बल, ग्रेहाउंड्स के एक दल ने जंगल इलाके में नक्‍सलियों को घेर लिया। ग्रेहाउंड्स पुलिस ने नक्सलियों से एक ए.के. 47, एक एल.एम.जी और एक 12-बोर की गन बरामद किए।

 

*********

 

केन्‍द्र शासित प्रदेश जम्‍मू-कश्‍मीर में कल सेना ने एक संयुक्‍त अभियान में बारामुला जिले के उरी क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पास आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। श्रीनगर में रक्षा प्रवक्‍ता के अनुसार उरी में नियंत्रण रेखा के निकट आतंकवादी गुटों की घुसपैठ की योजना के संबंध में कई खुफिया एजेंसियों से जानकारी मिली थी।

प्रवक्‍ता ने बताया कि कल तड़के भारतीय सेना ने आतंकवादियों के एक गुट को नियंत्रण रेखा की ओर से बढते देखा। आतंकवादियों पर कार्रवाई करने के बाद दोनों तरफ भारी गोलीबारी हुई। जब यह अभियान चल रहा था उसी समय पाकिस्‍तान की अग्रिम चौकियों से भी रुक-रुक कर गोलीबारी की गई। रक्षा प्रवक्‍ता ने बताया कि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में दो घुसपैठिये ढेर हो गए। मुठभेड के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें दो ए.के. राइफलें, तीन मैग्‍जीन, चार ग्रेनेड और गोलाबारूद बरामद हुआ।

 

*********

 

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एनआईए ने दिसंबर 2022 में पश्चिम बंगाल के भूपति नगर विस्‍फोट मामले में दो मुख्‍य षड़यंत्रकारियों को गिरफ्तार किया है। इस विस्‍फोट में तीन लोग मारे गए थे। एनआईए ने आज एक वक्‍तव्‍य में कहा कि इन दोनों अपराधियों को राज्‍य के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में भीड़-भाड़ वाले इलाके से गिरफ्तार किया गया। भीड़ में कुछ असमाजिक तत्‍वों के हमले के कारण एनआईए दल के एक सदस्‍य को इस घटना में मामूली चोटें आई और उनके सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा। अनियंत्रित भीड़ ने एनआईए के दल और इसके सुरक्षा कर्मियों को भूपति नगर पुलिस स्‍टेशन की ओर बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। एनआईए ने इस संबंध में स्‍थानीय पुलिस स्‍टेशन में शिकायत दर्ज की है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बलई चरण मैती और मनोब्रत जना के रुप में की गई है। दोनों आरोपी आतंक फैलाने के लिए बम बनाने और विस्‍फोट करने के षड़यंत्र में गंभीर रुप से शामिल थे।  

 

*********

 

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा है कि वह विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर रही है। पश्चिम बंगाल के रायगंज संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में आज चुनावी अभियान में उन्‍होंने कहा कि भाजपा ने हेमंत सोरेन और अरविन्‍द केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्‍तेमाल किया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ. सुकान्‍त मजूमदार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून और व्‍यवस्‍था की स्थिति खराब हो गई है और यदि कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो पश्चिम बंगाल एक दिन अफगानिस्‍तान बन जाएगा। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्‍ता कुणाल घोष ने एन आई ए पर हमले को दुर्भाग्‍यपूर्ण बताया है।

 

*********

 

 दिल्‍ली की एक अदालत ने आबकारी नीति घोटाला मामले से संबंधित कथित धनशोधन मामले में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्‍ली के पूर्व उप-मुख्‍यमंत्री मनीष सिसोदिया की न्‍यायिक हिरासत 18 अप्रैल तक बढा दी है। उनकी हिरासत की अवधि‍ समाप्‍त होने पर उन्‍हें न्‍यायालय के समक्ष पेश किये जाने के बाद राऊज एवेन्‍यु कोर्ट की विशेष न्‍यायाधीश कावेरी बावेजा ने हिरासत की अवधि बढा दी। इस मामले के सह आरोपी आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह भी कार्यवाही के लिए न्‍यायालय के समक्ष पेश हुए। इस मामले में संजय सिंह को हाल ही में सर्वोच्‍च न्‍यायालय से जमानत मिली है।

केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय-ईडी ने आम आदमी पार्टी के इन नेताओं पर आबकारी नीति में अनियमितताओं का आरोप लगाया है।

 

*********

 

आईपीएल क्रिकेट में आज जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। मैच शाम साढे 7 बजे से खेला जाएगा। हैदराबाद में कल सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया।

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में 166 रन का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट और 11 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 12 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि एडेन मार्कराम ने 36 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली।

 

*********

 

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच हॉकी मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज पर्थ में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व अरन ज़ाल्वेस्की कर रहे हैं। 2013 के बाद से, दोनों टीमों के बीच अब तक 43 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से ऑस्ट्रेलिया ने 28 मैच जीते हैं जबकि भारत को सिर्फ आठ में जीत मिली है। सात मैच ड्रॉ रहे हैं। यह श्रृंखला इसलिए महत्वपूर्ण है क्‍योंकि पेरिस ओलंपिक में दोनों देश एक ही पूल में हैं।

 

*********

 

 

अस्‍ताना में कजाखस्‍तान अंतर्राष्‍ट्रीय बैडमिंटन चैलेंज टूर्नामेंट में कल भारत की अनुपमा उपाध्‍याय और ईशा रानी बरूआ महिला सिंगल्‍स के फाइनल में पहुंच गई। अनुपमा ने सेमीफाइनल में जापान की सोरोना याशिकावा को हराया जबकि ईशा रानी ने हांगकांग की लो सिन यान हेपी को पराजित किया।

पुरूष सिंगल्‍स में तरूण मानिपल्‍ली भी फाइनल में पहुंच गए हैं। फाइनल में उनका मुकाबला आठवीं वरीयता प्राप्‍त मलेशिया के सूंग जू वेन से होगा।

मिक्‍स्‍ड डबल्‍स के फाइनल में भारत के संजय श्रीवत्‍स धनराज और मनीषा की जोडी का मुकाबला मलेशिया की ओंग तियन सी और लिम चिऊ सियन की जोडी से होगा।

 

*********

 

भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्‍थापना दिवस पर पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह और पार्टी अध्‍यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है और वर्षों से पार्टी के निर्माण में उनकी कडी मेहनत, संघर्ष और बलिदान के प्रति आभार व्‍यक्‍त किया है। उन्‍होंने कहा कि पार्टी को एन डी ए का अभिन्‍न हिस्‍सा बनने पर गर्व है और वह अपने सहयोगी दलों की भागीदारी को महत्‍व देती है।

इस बीच, श्री अमित शाह ने भाजपा को विश्‍व का सबसे बडा राजनीतिक दल बनाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्‍यवाद दिया। श्री नड्डा ने पार्टी के राष्‍ट्रव्‍यापी विस्‍तार करने के लिए वरिष्‍ठ नेताओं के प्रति भी सम्‍मान जताया।

 

*********

 

अमरीका के एक अधिकारी ने कहा है कि इस्राइलियों को निशाना बनाने और अमरीकी सम्‍पत्तियों पर हमला करने की ईरान की संभावित तैयारी के मद्देनजर अमरीका में हाई-अलर्ट जारी किया गया है। सीरिया में ईरानी दूतावास पर हुए इस्राइली हमले के जवाब में ये हमले किये जा सकते हैं। इस हमले में ईरान का एक शीर्ष कमांडर मारा गया था। सीरिया की राजधानी दमिश्‍क में ईरानी दूतावास परिसर में हुए हवाई हमले में ईरान की कुद्स फोर्स का एक शीर्ष कमांडर जनरल मोहम्‍मद रजा ज़हेदी मारा गया था।

 

*********

 

मौसम विभाग ने आज और कल देश के कई राज्‍यों में लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, महाराष्‍ट्र, कर्नाटक, आन्‍ध्र प्रदेश, पुद्दुचेरी और तेलंगाना लू से प्रभावित होंगे। कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा में भी कल उमस भरी गर्मी पडने की आशंका है। वहीं केरल, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी में भी मंगलवार तक उमस भरी गर्मी जारी रहने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार देश के पूर्वी और उत्‍तर पूर्वी क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है। झारखंड और ओडिशा में आज बिजली चमकने के साथ साथ हल्‍की से मध्‍यम बारिश होने और पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। यही स्थिति असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरूणाचल प्रदेश, सिक्किम तथा पश्चिम बंगाल में अगले छह दिनों तक बनी रहेगी। जम्‍मू-कश्‍मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड में भी अगले छह दिनों तक हल्‍की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है।

 

*********

 

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने लगातार सातवीं बार रेपो दर में कोई बदलाव नहीं किया है। रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कल द्विमासिक मौद्रिक नीति की घोषणा की और रेपो रेट को छह दशमलव पांच प्रतिशत पर बरकरार रखा। उन्‍होंने कहा कि 29 मार्च 2024 को भारत का विदेशी मुद्रा भंडार अब तक के सर्वोच्‍च स्‍तर छह सौ 45 अरब 60 करोड डॉलर पर पहुंच गया है।

 

*********

 

भारतीय रिज़र्व बैंक जल्‍द ही यूपीआई के माध्‍यम से नकद राशि जमा कराने की सुविधा प्रदान करेगा। फिलहाल यूपीआई का उपयोग धन के डिजिटल लेन-देन के लिए किया जाता है।  

 

*********

 

और अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :

  • भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सहारनपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया, वे आज अजमेर में भी जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को गाजियाबाद में रोड शो करेंगे। कांग्रेस की जयपुर में बड़ी रैली।  
  • छत्‍तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्‍सली मारे गए।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण- एनआईए ने पश्चिम बंगाल के भूपति नगर विस्‍फोट मामले में दो प्रमुख षड्यंत्रकारियों को गिरफ्तार किया।
  • आईपीएल क्रिकेट में आज शाम जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से।
  • और भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच हॉकी मैचों की श्रृंखला का पहला मैच आज पर्थ में खेला जा रहा है।  

 

*********