उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आगरा में आयोजित एक विशेष आयोजन में भाग लिया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि अहिल्याबाई का जीवन इतिहास में केवल एक घटना नहीं है, बल्कि सभी भारतीयों के लिए जीवन दर्शन है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से उनके मूल्य और आदर्शो को अपनाने का अनुरोध किया।
उपराष्ट्रपति ने अहिल्याबाई होलकर के पदचिन्हों पर चलने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में उत्तर प्रदेश में सुशासन और विधि का शासन है और इस कारण उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बन गया है। श्री धनखड़ ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेना को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेना के साहस में दुनिया को कड़ा संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद के विरूद्ध लड़ने और उसे पराजित करने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब समाज अहिल्याबाई होलकर जैसे महान व्यक्तियों से प्रेरणा लेता है, तो कोई बाधा उसकी प्रगति को रोक नही सकती। उन्होंने महिला, किसान, कारीगर और भारत की सांस्कृतिक धरोहर के काम के लिए अहिल्याबाई होलकर की सराहना की और उनके जीवन को एक चमकता उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार अहिल्याबाई होलकर के मूल्यों से प्रेरित होकर कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। इनमें लखपति दीदी, बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं, मातृ वंदन योजना और आत्मनिर्भर भारत अभियान भी शामिल हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण करना, परिवारों को सहयोग करना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देना है।