मई 3, 2026 9:15 पूर्वाह्न

printer

जर्मनी में अपनी सैन्य उपस्थिति में काफी कमी करेगा अमरीका: डोनाल्ड ट्रंप

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका, जर्मनी में अपनी सैन्य उपस्थिति में काफी कमी करेगा। इससे जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ के साथ अमरीका का विवाद और बढ़ गया है। श्री ट्रंप यूरोपीय सुरक्षा के प्रति अमरीका की प्रतिबद्धता को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। पेंटागन ने शुक्रवार को पहले घोषणा की थी कि वह जर्मनी से लगभग पांच हजार सैनिकों को वापस बुलाएगा। शनिवार को इस कदम के कारण के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया और कहा कि इससे भी बड़ी कटौती होने वाली है।

    इससे पहले, जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने कहा कि जर्मनी में अमरीकी सैनिकों की नियोजित कटौती से यूरोप को अपनी रक्षा को मजबूत करने के लिए प्रेरित होना चाहिए। जर्मनी में अमरीकी सैन्य उपस्थिति द्वितीय विश्व युद्ध के बाद शुरू हुई थी और 1960 के दशक में शीत युद्ध के दौरान चरम पर पहुंच गई।

    जर्मनी में अमरीकी सेना की तैनाती यूरोप में अब तक की सबसे बड़ी तैनाती है। जर्मनी में अमरीका के करीब 36 हजार सैनिक तैनात है जबकि इटली में लगभग 12 हजार और ब्रिटेन में 10 हजार अमरीकी सैनिक हैं।