अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय संघ से आयात होने वाली कारों और ट्रकों पर शुल्क बढ़ाकर 25 प्रतिशत करने की घोषणा की है। इससे, अमरीका का यूरोप के साथ व्यापारिक तनाव और बढ़ गया है। ट्रंप ने यूरोपीय संघ पर व्यापार समझौते का पालन न करने का आरोप लगाया। उन्होंने यूरोप की वाहन निर्माता कंपनियों से अमरीका में अपना उत्पादन स्थानांतरित करने का आग्रह किया।
यह कदम यूरोपीय संघ और अमरीका द्वारा ट्रंप के टर्नबेरी गोल्फ कोर्स में हुए समझौते के एक साल से भी कम समय बाद उठाया गया है। इसके अंतर्गत अधिकांश यूरोपीय वस्तुओं पर 15 प्रतिशत शुल्क निर्धारित किया गया था।
यूरोपीय आयोग ने कहा कि वह अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा कर रहा है और अमरीका से स्पष्टीकरण मांग रहा है। आयोग ने कहा कि वह अपने हितों की रक्षा के लिए अपने विकल्प खुले रखेगा।