मई 5, 2026 6:15 पूर्वाह्न

printer

तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीतकर इतिहास रचा

तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम -टीवीके ने गठन के बाद हुए पहले चुनाव में 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने पेरम्बूर और तिरुची पूर्व दोनों सीटें जीतीं। 234 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम -डीएमके ने 59 सीटें हासिल कीं, जबकि उसके मुख्य प्रतिद्वंद्वी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम ने 47 सीटें जीतीं। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन चेन्नई के कोलाथुर में टीवीके उम्मीदवार वी. एस. बाबू से लगभग 8700 मतों के अंतर से हार गए। हालांकि, उनके बेटे और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट बरकरार रखी। एक अन्य बड़े उलटफेर में भारतीय जनता पार्टी – भाजपा के केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन तिरुपुर जिले के अविनाशी आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र में टीवीके की कमाली एस. से हार गए। हाल ही में डीएमके में शामिल हुए पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने बोदिनायकानूर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है।
 
अन्य पार्टियों में पट्टाली मक्कल काची -पीएमके ने 4 सीटें और कांग्रेस ने 5 सीटें जीतीं। भाजपा, देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कड़गम -डीएमडीके और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम – एएमएमके ने एक-एक सीट जीती। सीपीआई एम, विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची – वीसीके और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने दो-दो सीटें हासिल कीं। 
 
टीवीके प्रमुख विजय जल्द ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं। सरकार बनाने के लिए उनकी पार्टी को बहुमत के लिए 10 सीटों की जरूरत है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला