अप्रैल 21, 2026 12:58 अपराह्न

printer

वरिष्‍ठ भाजपा नेता और गृहमंत्री अमित शाह आज उत्तर बंगाल में कई रैलियों को करेंगे संबोधित

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह आज उत्तर बंगाल में कई रैलियों को संबोधित करेंगे। सिलिगु‍डी में सुकना खेल मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्‍होंने इस क्षेत्र के आठ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे पार्टी उम्‍मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया। श्री शाह ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही गोरखा मुद्दे का समाधान कर सकती है।

राज्‍य में परिवर्तन की आवश्‍यकता पर बल देते हुए उन्‍होंने कहा कि यह चुनाव माताओं और बहनों की सुरक्षा की लड़ाई है। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट किया कि अगर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई तो पश्चिम बंगाल में दुष्‍कर्मियों को जेल भेजा जाएगा। उन्‍होंने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और कम्‍युनिस्‍ट पार्टियों पर आरोप लगाया कि वे सुभाष घिशिंग के साथ अनुचित व्‍यवहार कर रही हैं।

श्री शाह ने आश्‍वासन दिया कि चाय बागानों को बन्‍द नहीं होने दिया जाएगा। उन्‍होंने यह घोषणा भी की कि दार्जिलिंग से सुदरबन को जोड़ने के लिए राष्‍ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया जाएगा।

श्री शाह ने कहा कि उत्तर बंगाल में पृथक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान, केंसर अस्‍पताल, आई.आई.एम. और एक आई.आई.टी. की स्‍थापना की जाएगी तथा दार्जिलिंग को पारिस्थितिकी तथा धरोहर पर्यटन केन्‍द्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि गोरखा लोगों के लिए खेल विश्‍वविद्यालय की स्‍थापना की जाएगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्‍ता में आई तो जी.टी.ए. मामले में भ्रष्‍टाचार की जांच की जाएगी। उन्‍होंने दोहराया कि भाजपा के सत्ता में आने के 45 दिन के अंदर ही सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर दी जाएंगी।