माली में सुरक्षा बलों ने लक्षित हवाई हमलों में 200 से अधिक हमलावरों को मार गिराया है। सरकारी टेलीविजन के अनुसार शुक्रवार को सुबह ये हमले सशस्त्र आतंकियों के एक बड़े समूह को निशाना बनाकर किए गए थे। ये आतंकी पड़ोसी सीमा क्षेत्र से आए थे और नए हमलों की तैयारी कर रहे थे।
इससे पहले 26 अप्रैल को माली की सेना ने पश्चिमी क्षेत्र कौलिकोरो में 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया था। 25 अप्रैल को सशस्त्र आतंकवादी समूहों ने माली के कई शहरों पर समन्वित हमले किए और राजधानी बामाको के पास काटी शहर में रक्षा मंत्री जनरल सादियो कैमारा के आवास को भी निशाना बनाया।
हमले में रक्षा मंत्री और उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। भारत ने इन आतंकी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए जनरल सादियो कैमारा के निधन पर शोक व्यक्त किया। माली में भारतीय दूतावास ने माली में सभी भारतीय नागरिकों से अत्यधिक सतर्क रहने का आग्रह किया है।