मई 5, 2026 2:18 अपराह्न

printer

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सरकार गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज़

तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों के मतगणना पूरी होने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) 108 सीटें लेकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
 
पार्टी के शानदार चुनावी प्रदर्शन के बाद, नव निर्वाचित टीवीके विधायकों ने आज चेन्नई के पास पनैयूर स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में श्री विजय को औपचारिक रूप से अपना नेता चुना।
 
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर इस समय केरल में हैं, इसलिए सरकार बनाने का दावा पेश करने में देरी हो सकती है।
 
बैठक में पहली बार निर्वाचित हुए पार्टी सदस्य उत्साहित और जोश से भरे नजर आए। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में शिवकाशी से नवनिर्वाचित विधायक कीर्तना ने कहा कि वह पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करेंगी और विधायक के रूप में सेवा करने के लिए उत्सुक हैं।
 
234 सदस्यीय विधानसभा में, सत्तारूढ़ डीएमके ने 59 सीटें हासिल कीं, जबकि उसके मुख्य प्रतिद्वंद्वी, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम ने 47 सीटें जीतीं। टीवीके प्रमुख सी जोसेफ विजय ने पेरम्बूर और तिरुची पूर्व दोनों सीटें जीतीं।
 
इस बीच, निवर्तमान मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। डीएमके प्रमुख श्री स्टालिन ने एक बयान में कहा कि पार्टी मजबूत विपक्ष के रूप में काम करेगी।
 
आल इंडिया अन्‍ना डीएमके के महासचिव ई. पलनीसामी ने जनता के जनादेश को स्वीकार करते हुए मतदाताओं का आभार व्‍यक्‍त किया।। भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने परिणामों का स्वागत करते हुए कहा कि मतदाताओं ने वोट खरीदने और वंशवादी राजनीति के खिलाफ संदेश दिया है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला