सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) ओडिशा के भुवनेश्वर में बुधवार से प्रशासनिक डेटा के सामंजस्य विषय पर एक राष्ट्रीय विचार-विमर्श शिखर सम्मेलन आयोजित करेगा। यह सम्मेलन पिछले वर्ष दिसंबर में राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों के 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन के अनुवर्ती कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन नीति निर्माण और शासन में व्यापक प्रयोग के लिए सामंजस्य और प्रशासनिक आंकडों को तैयार करने के लिए कार्यकारी योजना तथा समय सीमा पर सहमति विकसित करने में सहायक होगा।
मंत्रालय ने बताया कि राज्य और केंद्रशासित सरकारों के योजना अधिकारी तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, केंद्रीय मंत्रालय और विभाग तथा अन्य हितधारक इस सम्मेलन में शामिल होंगे। इस शिखर सम्मेलन के दौरान सरकार, अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी, थिंक टैंक और शैक्षणिक समुदाय के विशेषज्ञों की प्रशासनिक डेटा के सामंजस्य, अंतर-संचालनीयता और पारिस्थितिकी तंत्र विकास के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करने की आशा है। यह शिखर सम्मेलन 30 अप्रैल को समाप्त होगा।