सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जीवश्म ईंधनों के विकल्प के रूप में इथेनॉल और मीथेनॉल जैसे जैव ईंधनों के उपयोग पर बल दिया है। नई दिल्ली में ऊर्जा परिवर्तन और सतत सड़क परिवहन पर 18वें सम्मेलन में श्री गडकरी ने पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए जीवश्म ईंधनों का आयात घटाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि भारत लगभग 22 लाख करोड़ के जीवश्म ईंधनों का आयात करता है और इसे कम करने से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इथेनॉल जैसे जैव ईंधनों के उपयोग के साथ देश का प्रदूषण स्तर घटेगा और कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
श्री गडकरी ने विश्वास व्यक्त किया कि अगामी पांच वर्षों में दिल्ली में सभी बसें बिजली से चलने लगेंगी। उन्होंने कहा कि भारत पारिस्थितिकी और पर्यावरण के संरक्षण, प्रदूषण के साथ सतत विकास के अनुकूलन और पूंजी निवेश से रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के जरिए ही आत्मनिर्भर बन सकता है।