स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के क्षेत्रीय निदेशकों का इस वर्ष का पहला त्रैमासिक सम्मेलन नई दिल्ली में संपन्न हुआ। इसमें ब्यूरो की सभी क्षेत्रीय इकाइयों ने अगले तीन वर्ष में देश भर में मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग से प्रभावी ढंग से निपटने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
ब्यूरो के अनुसार, दो दिवसीय सम्मेलन में प्रभावी अभियोजन, संयुक्त समन्वय समिति और नार्को समन्वय केंद्र तंत्रों के अधिकतम उपयोग, भगोड़ों को न्याय के कटघरे में लाने और रोडमैप के कार्यान्वयन के लिए तैयार होने हेतु ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रवर्तन और समन्वय कार्यों की विस्तृत समीक्षा पर ध्यान केंद्रित किया गया।
स्वापक नियंत्रण ब्यूरो के महानिदेशक अनुराग गर्ग ने सभी अधिकारियों से गृह मंत्री अमित शाह के दृष्टिकोण के अनुरूप मासिक लक्ष्यों को प्राप्त करने का आह्वान किया। इसका उद्देश्य नेटवर्क-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से रोडमैप के लक्ष्यों को पूरा करना है। सम्मेलन के दौरान, ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों ने नशामुक्त भारत के दृष्टिकोण को साकार करने और एक सुरक्षित, नशामुक्त राष्ट्र के लिए मजबूत प्रवर्तन ढांचे के निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया।