मिजोरम में पिछले 3 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई भूस्खलनों की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई है। चंपई जिले में, आज सुबह भारत-म्यांमार सीमा के पास वाफई गांव में हुए भूस्खलन में 3 लोगों की मौत हो गई। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए वाफई ग्राम परिषद के अध्यक्ष जॉनी रेंगखुमा ने बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक ही परिवार की 2 महिलाओं और एक पुरुष सहित 3 लोगों की मौत हो गई।
सेरछिप जिले में, आज सुबह हुए भूस्खलन के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई घर नष्ट हो गए। जानकारी के अनुसार, राजमार्ग पर बड़े पैमाने पर भूस्खलन के कारण सेरछिप – आइजोल के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 54 अवरुद्ध हो रहा है। जिला प्रशासन ने बताया कि भूस्खलन के कारण एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग अपने घरों को खाली कर सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि लॉन्गतलाई जिले में भूस्खलन के कारण एक होटल सहित सात घर ढह गए, जिसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। घटना लॉन्गतलाई के बाजार वेंग और चांदमारी इलाकों के सीमावर्ती इलाके में शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे हुई, जब भूस्खलन की चपेट में कई घर आ गए।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि मलबे में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बचाया गया है और दूसरे व्यक्ति को मलबे से निकालने का प्रयास किया जा रहा है।