संस्कृति मंत्रालय पहली बार भगवान बुद्ध के सारनाथ में रखे गये पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी आयोजित करेगा। यह प्रदर्शनी वियतनाम में संयुक्त राष्ट्र दिवस वेसाक 2025 के भव्य आयोजन के अवसर पर लगाई जाएगी। प्रदर्शनी का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महासंघ के सहयोग से किया जा रहा है। भगवान बुद्ध के अवशेषों को सारनाथ के मूलगंध कुटी विहार से आज दिल्ली लाया जायेगा और प्रार्थना तथा ध्यान के लिए राष्ट्रीय संग्रहालय में रखा जायेगा। कल उन अवशेषों को भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से वरिष्ठ भिक्षुओं के संरक्षण में हो ची मिन्ह सिटी ले जाया जायेगा। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजु और अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध महासंघ के महासचिव वेन शार्तसे खेनसुर रिनपोचे जांगचुप चोएडेन के नेतृत्व में उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मण्डल प्रदर्शनी में भाग लेगा। पवित्र अवशेषों को वहां दो से आठ मई तक औपचारिक रूप से सम्मानपूर्वक विराजमान कर, उनकी पूजा-अर्चना की जाएगी।