रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में लद्दाख के माउंट कांग यात्से-द्वितीय पर्वतारोहण अभियान पूरा करने वाले राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की लड़कियों और लड़कों की टीम का स्वागत किया। उन्होंने प्रतिकूल मौसम जैसी बाधाओं का सामना कर इस उपलब्धि को हासिल करने पर कैडेटों की सराहना की। श्री सेठ ने कैडेट्स को 2022 की एनसीसी रैली में प्रधानमंत्री के संबोधन से सीख लेने का आह्वान किया। श्री मोदी ने कहा था कि एनसीसी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के कारण ही वे राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व पूरा करने में सक्षम रहे हैं।
पिछले महीने माउंट कांग यात्से-द्वितीय पर्वतारोहण अभियान पूरा करने वाले दल में 27 लड़के और लड़कियां, पांच अधिकारी और 17 स्थाई प्रशिक्षक शामिल थे। कैडेटों ने कठोर प्रशिक्षण, मौसम अनुकूलन और चिकित्सा मदद से ऊंचाई के प्रतिकूल प्रभावों का सामना किया। उन्होंने बर्फ से आच्छादित माउंट कांग यात्से शिखर की चढ़ाई में दृढ़ता, समर्पण और साहस के साथ प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी, तेज हवा और न्यूनतम तापमान का सामना किया।