पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा विकास खंड बिझड़ी के गांव महारल में स्थानीय महिलाओं के लिए आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में गांव की 35 महिलाओं को अचार, पापड़ और मसाला पाउडर बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर बड़सर के एसडीएम राजेंद्र गौतम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतिभागी महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों का गठन करने, बैंकों और विभिन्न विभागों की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने उद्यम स्थापित करने सलाह दी। एसडीएम ने महिलाओं से कहा कि इससे वे अपने घर में ही आय के अच्छे स्रोत विकसित कर सकती हैं तथा अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकती हैं।