भारतीय सेना की दक्षिणी कमान ने बबीना फील्ड फायरिंग रेंज में अमोघ ज्वाला अभ्यास का संचालन किया। इस अभ्यास में बहु-क्षेत्रीय परिचालन वातावरण में हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान, ड्रोन, ड्रोन-रोधी प्रणाली और उन्नत प्रौद्योगिकी के उपयोग के माध्यम से अभ्यास का प्रदर्शन किया गया।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अभ्यास में समन्वित गोलाबारी और युद्धाभ्यास, वास्तविक समय में ड्रोन-आधारित निगरानी और लक्ष्य प्राप्ति, वायु रक्षा और रात्रि युद्ध क्षमताओं का प्रदर्शन निर्बाध रूप से किया गया। मंत्रालय ने कहा कि अभ्यास में भविष्य के लिए तैयार सेना की बढ़ती युद्ध क्षमता को दर्शाया गया।
दक्षिणी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल धीरज ने अभ्यास के दौरान प्रदर्शित व्यावसायिकता, परिचालन उत्कृष्टता और युद्ध तत्परता के लिए सैनिकों की सराहना की।