दिल्ली पुलिस की विशेष प्रकोष्ठ ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा प्रायोजित आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। विशेष प्रकोष्ठ के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि पंजाब और दिल्ली से ग्यारह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि ये आरोपी एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए पाकिस्तान स्थित गुर्गों के संपर्क में थे। कुशवाहा ने जानकारी दी कि उन्हें जासूसी और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने वाली विध्वंसक गतिविधियों के निर्देश मिल रहे थे। उन्होंने बताया कि संवेदनशील सुरक्षा प्रतिष्ठानों के पास लगे नौ सौर ऊर्जा संचालित सीसीटीवी कैमरे, 3 पी एक्स 5 पिस्टल, एक देसी पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे और युवाओं को भर्ती कर जासूसी व हथियार सप्लाई की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हवाला और यूपीआई के जरिए फंडिंग मिल रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
News On AIR | अप्रैल 10, 2026 9:10 अपराह्न | Delhi Police
दिल्ली पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा प्रायोजित एक आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया