मई 1, 2026 8:28 अपराह्न | LPG Hoarding:

printer

एलपीजी जमाखोरी पर सख्ती, 2300 से अधिक स्थानों पर छापेमारी

सरकार ने आज कहा है कि पश्चिम एशिया में बदलती स्थितियों के बीच ऊर्जा आपूर्ति, नौवहन अभियान और भारतीय नागरिकों को सहयोग सहित सभी क्षेत्रों में निरंतरता और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से काम किया जा रहा है।

तेल और प्राकृतिक गैस मंत्राालय ने एक बयान में कहा है कि देश भर में एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई जारी है। देश भर में कल 2300 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। इसके अलावा औद्योगिक आधार पर ऑनलाइन एलपीजी सिंलेडर बुकिंग 98 प्रतिशत तक बढ़ गई और तकरीबन 49 लाख 80 हजार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की गई। कल 41 लाख 60 हजार एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी। आपूर्ति प्रमाणीकरण कोड आधारित आपूर्ति तकरीबन 93 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

बयान में कहा गया है कि कल 79 हजार पांच किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वाणिज्यिक एलपीजी का आवंटन तकरीबन 70 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित है और पिछले 24 घंटे के दौरान भारतीय ध्वज वाले किसी भी पोत के साथ किसी घटना की सूचना नहीं मिली है। पोत परिवहन महानिदेशालय नियंत्रण कक्ष को अभी तक आठ हजार दो सौ फोन कॉल और 17 हजार से ज्यादा ईमेल प्राप्त हुए है। पिछले 24 घंटे के दौरान एक सौ 13 फोन कॉल और दो सौ 95 ईमेल मिले है।

विदेश मंत्रालय के विशेष नियंत्रण कक्ष से भी भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों के प्रश्नों का जवाब दिया जा रहा है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि उड़ान की स्थिति में सुधार हो रहा है और क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से भारत के लिए अतिरिक्त उड़ान चलाई जा रही है। तेहरान में भारतीय दूतावास ने ईरान से बाहर सड़क मार्ग से निकलने के लिए दो हजार चार सौ 90 भारतीय नागरिकों को सुविधा उपलब्ध कराई है।