अरुणाचल प्रदेश में शुक्रवार रात पूर्वी कामेंग जिले में बाना और सेप्पा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-13 पर तेज बारिश के कारण हुए विनाशकारी भूस्खलन में सात लोगों की जान चली गई। सूत्रों ने बताया कि सेप्पा की ओर जाता हुआ वाहन, बारिश से भूस्खलन के कारण सड़क से नीचे गिर गया। वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। बचाव दल ने शव बरामद कर लिए हैं, लेकिन उनकी पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नटुंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इस घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने नागरिकों से मानसून के मौसम में सतर्क रहने और रात के समय खासकर भूस्खलन वाले क्षेत्रों में यात्रा करने से बचने का आग्रह किया है।