फ़रवरी 8, 2025 4:15 अपराह्न

printer

भारतीय जनता पार्टी 27 वर्षों के अंतराल के बाद दिल्‍ली में सरकार बनाने जा रही है

भारतीय जनता पार्टी 27 वर्षों के अंतराल के बाद दिल्‍ली में सरकार बनाने जा रही है। उसने आम आदमी पार्टी को सत्‍ता से बेदखल कर दिया है।

    70 सदस्‍यीय दिल्‍ली विधानसभा चुनाव परिणाम की ताजा स्थिति के अनुसार अभी तक 51 नतीजे घोषित हुए हैं। भाजपा ने 35 सीटें जीती हैं और 16 सीटों पर उसके उम्‍मीदवार आगे चल रहे हैं। आम आदमी को अभी तक 13 सीटें मिली हैं और 6 सीटों पर उसके उम्‍मीदवार आगे हैं।

    भाजपा के प्रमुख विजेताओं में नई दिल्ली से प्रवेश साहिब सिंह, जंगपुरा से तरविंदर सिंह मारवाह, करावल नगर से कपिल मिश्रा, राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा, गांधी नगर से अरविंदर सिंह लवली, ग्रेटर कैलाश से शिखा रॉय, मोती नगर से हरीश खुराना शामिल हैं। भाजपा के अन्य विजेता शकूर बस्ती से करनैल सिंह और कस्तूरबा नगर से नीरज बसोया हैं।

    प्रमुख सफल आप पार्टी उम्मीदवारों में सदर बाजार से सोम दत्त, बाबरपुर से गोपाल राय, दिल्ली कैंट से वीरेंद्र सिंह कादियान, कोंडली सीट से कुलदीप कुमार, तिलक नगर सीट से जरनैल सिंह, बल्लीमारान से इमरान हुसैन, तुगलकाबाद से सही राम, सुल्तानपुर माजरा निर्वाचन क्षेत्र से मुकेश कुमार अहलावत, किरारी से अनिल झा, सीलम पुर से चौधरी जुबैर अहमद और चांदनी चौक से पुनरदीप सिंह साहनी शामिल हैं।

         दिल्‍ली में हारने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और कांग्रेस के संदीप दीक्षित शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व मंत्री सत्‍येन्‍द्र जैन और सौरभ भारद्वाज भी चुनाव हार गए हैं। पार्टी के ही सोमनाथ भारती और अवध ओझा पीछे चल रहे हैं।

    उत्‍तर प्रदेश में मिल्‍कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के चन्‍द्रभानु पासवान जीत गए है। तमिलनाडु में इरोड़-पूर्व विधानसभा सीट के उपचुनाव में डी.एम.के. पार्टी के चंदीर कुमार वी.सी. बढत बनाए हुए हैं।

 

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला