प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में यमुना नदी की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के लिए व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में यमुना की सफाई और कायाकल्प के लिए भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में नदी को साफ करने के लिए एजेंसीवार कार्ययोजना की समीक्षा की गई। इसके अलावा नाले, ठोस अपशिष्ट और सीवेज प्रबंधन, यमुना नदी के प्रवाह में सुधार, बाढ़ के मैदानों की सुरक्षा, हरित नदी तट विकास और जन-सम्पर्क के लिए की जाने वाली कार्रवाइयों पर विशेष समयसीमा के साथ चर्चा की गई। बैठक में यमुना नदी के हरियाणा और दिल्ली खंड के साथ प्रयागराज में संगम तक नदी के बहाव क्षेत्र में की जाने वाली कार्रवाइयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।