झारखण्ड में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए एनडीए और इंडिया गठबंधन के सभी दिग्गज नेता पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में जोरशोर से प्रचार कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया है कि हेमंत सोरेन स.रकार आदिवासियों को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। दुमका, देवघर और गिरीडीह में श्री शाह ने कहा कि यूपीए सरकार में राज्य के आदिवासियों के कल्याण के लिए धनराशि का आवंटन नही किया गया।
जामताडा में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को सत्ता से हटाने का यही सही समय है।
फिल्म अभिनेता से राजनेता बने मिठुन चक्रवर्ती ने दुमका और जामताडा में चुनाव सभाएं की। शिवराज सिंह चौहान और चंपाई सोरेन सहित भाजपा के अनेक नेता भी एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी झारखण्ड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। जामताडा और खिजरी में चुनाव सभाओं को संबोधित करते हुए श्री खरगे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह खदानों से प्राप्त शुल्क का उचित हिस्सा राज्य सरकार को नहीं दे रही।
झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है कि वह उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। इसके लिए वह चुनाव के दौरान केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है।
गिरीडीह में बगोदर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि वह लोगों में नफरत फैला रही है। ऑल झारखण्ड स्टूडैंट्स यूनियन और वामदलों ने भी रैलियां और रोड शो किए।
इस बीच, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की पोलित ब्यूरो सदस्य वृंदा करात ने दुमका में संवाददाताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा गठबंधन दोनों ने अपने-अपने कार्यकाल में राज्य के गरीब लोगों को ठगा है। राज्य में दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 20 नवम्बर को होगा। मतगणना 23 नवम्बर को होगी।