हज यात्रा पर सऊदी अरब गए भारतीय हज यात्रियों ने सुखद और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं और प्रबंधन की सराहना की है। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने आज सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि प्रत्येक हज यात्री के लिए आरामदायक और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करना मंत्रालय का सतत प्रयास है।
इस बीच, अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने भी हज यात्रियों के लिए सफल और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने में केन्द्र सरकार के समर्पित प्रयासों का उल्लेख किया।
इससे पहले, सऊदी अरब के जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूत फहद अहमद खान सूरी ने हज- 2025 में तैनात ‘टीम इंडिया’ का नेतृत्व किया। कल उन्होंने जुम्मे की नमाज अदा करने के बाद हजयात्रियों को मक्का स्थित हरम शरीफ से अजीजिया में उनके आवास तक पहुंचाने में सुविधा प्रदान की। भारतीय हज मिशन की मोबाइल चिकित्सा देखभाल टीम द्वारा हज यात्रियों को चिकित्सीय देख-रेख और सहायता प्रदान की जा रही है। हज यात्रियों के अवास के निकट के औषधालयों से लेकर शहर के अस्पतालों तक भारतीय हज मिशन ने हज यात्रियों के लिए सुगम चिकित्सीय देख-रेख सुनिश्चित की है। इसके साथ ही हज यात्रियों के लिए चिकित्सकों, नर्स और फार्मासिस्ट की टीम के अलावा एम्बुलेंस सुविधा चौबिसों घण्टे उपलब्ध हैं।