मई 5, 2024 8:05 अपराह्न

printer

लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड में भी चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है

लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड में भी चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। इस सिलसिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मई को फिर झारखंड आयेंगे। झारखंड प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 मई को चतरा लोकसभा क्षेत्र के सिमरिया में चुनावी सभा करेंगे। पार्टी प्रवक्ता ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की खूंटी में चुनावी सभा होगी। इस चुनावी सभा के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगी और खूंटी से लोकसभा उम्मीदवार अर्जुन मुंडा के लिए वोट मांगेंगे। उधर, इंडी गठनबंधन की तरफ से कांग्रेस नेता राहुल गांधी सात मई को राज्य के दौरे पर आयेंगे। लोहरदगा और खूंटी लोकसभा क्षेत्र के लिए गुमला के सिसई में उनकी जनसभा होगी। इसके साथ ही सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र में भी राहुल गांधी की इसी दिन जनसभा निर्धारित है।