लोकसभा चुनाव के चौथे और पांचवें चरण के लिये चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आज मिश्रिख, सीतापुर और बहराइच में जनसभा की। श्री योगी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में दुनिया ने बदले हुए भारत की तस्वीर देखी है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्र सरकार ने बिना भेदभाव सभी का जीवन बेहतर करने का काम किया है। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए श्री योगी ने कहा कि आज भारत बदल गया है और इसका श्रेय आम लोगों को जाता है। जब जनता एक सशक्त सरकार चुनती है तो देश के विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकसित भारत के लिए है। सपा और कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए श्री योगी ने कहा कि इनके समय में कानून व्यवस्था बेहाल रहती है। आतंकी हमले होते हैं और देश की जनता को भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ता है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज अकबरपुर, इटावा और उन्नाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया है।
श्री यादव ने वादा किया कि सरकार में आने पर वह किसानों का कर्ज माफ करेंगे। साथ ही नौजवानों को पक्की नौकरी दिलवायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और लोगों की जिन्दगी के पीछे पड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिन लोगां को फ्री वैक्सीन लगवाई है, अब उनका फ्री ईसीजी भी कराये।
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने आज खीरी लोकसभा क्षेत्र में जनसभा कर पार्टी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। राशन वितरण पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी जेब से राशन नहीं दे रहे हैं। जनता से जो टैक्स वसूला जाता है, उसी से ही सरकार राशन दे रही है। भाजपा की अब कोई भी जुमलेबाजी और गारंटी काम आने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पूंजीपतियों को धनवान बनाने के लिए काम कर रही है। साथ ही कांग्रेस की तरह भाजपा में भी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज रायबरेली में स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के चुनाव से संबंधित कार्य योजनाओं पर चर्चा की।