लोकसभा की 2 सीटों वायनाड तथा नांदेड़ और 13 राज्यों की कई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतगणना जारी है।
केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कम्युनिस्ट पार्टी उम्मीदवार सत्यन मोकेरी से 4 लाख से अधिक मतों से आगे चल रही हैं।
महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार डॉ. संतूकराव हंबार्डे अपने कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी रवींद्र चव्हाण से तीन लाख से अधिक मतों से आगे चल रहे हैं।
बिहार में सभी चार विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा की दीपा कुमारी ने इमामगंज सीट जीती है। भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह ने विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल से रामगढ़ सीट छीनी है। भारतीय जनता पार्टी के विशाल प्रशांत ने तरारी सीट पर विजय हासिल की है। जनता दल यूनाइटेड की मनोरमा देवी ने बेलागंज निर्वाचन क्षेत्र में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विश्वनाथ कुमार सिंह को पराजित किया है। पंजाब में आमद आदमी पार्टी ने गिद्दड़बाहा, चब्बेवाल और डेरा बाबा नानक सीट और कांग्रेस ने बरनाला सीट जीती है। कर्नाटक में की सभी तीनों सीटों पर कांग्रेस को विजय हासिल हुई है। मेघालय में सत्तारूढ़ एन.पी.पी. उम्मीदवार मेहताब चांडी अगितोक संगमा ने एकमात्र गमबेग्रे सीट जीत ली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस की साधिया रानी एम. संगमा को हराया। उत्तराखंड में भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल ने केदारनाथ विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। असम की उपचुनाव वाली पांच विधानसभा सीटों में से भाजपा ने बेहाली सीट पर सफलता हासिल की है। यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने सिदली सीट पर जीत हासिल की है। केरल में, कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने एक-एक विधानसभा सीट जीती है। उत्तर प्रदेश में भाजपा 6 सीटों पर आगे है और उसकी राष्ट्रीय लोक दल एक सीट पर आगे है। समाजवादी पार्टी 2 सीटों पर आगे चल रही है। मध्य प्रदेश में, सत्तारूढ़ भाजपा बुधनी में आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस विजयपुर में आगे चल रही है। छत्तीसगढ़ की एकमात्र सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी रायपुर सिटी दक्षिण पर आगे चल रही है। गुजरात की एकमात्र सीट- वाव पर भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार बढत बनाए हुए है। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने 5 सीटें जीती हैं और एक सीट पर आगे चल रही है। राजस्थान की 7 सीटों में से भाजपा ने एक जीती है और 4 सीटों पर आगे है। कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीट जीती है। सिक्किम में सत्तारूढ़ एस के एम पार्टी के 2 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।