लोकसभा की कार्यवाही भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के खिलाफ आरोप लगाने के बाद विपक्ष के हंगामे के कारण आज दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। शून्यकाल के दौरान दुबे ने एक फ्रांसीसी प्रकाशन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी ताकतें भारतीय संसद और देश की अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस नेता और कुछ अन्य विपक्षी नेता अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस तरह की रिपोर्ट पोस्ट करते हैं। कांग्रेस, डीएमके और अन्य दलों के सदस्यों ने एक प्रमुख व्यापारिक संगठन के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के आरोपों और संभल हिंसा के मुद्दे पर सदन में हंगामा किया। सदन में हंगामा जारी रहने पर अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक और बाद में तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी। जब सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे शुरू हुई, तो रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे (संशोधन) विधेयक, 2024 पर जवाब देने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी सांसदों ने हंगामा जारी रखा। तभी सदन को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया।
Site Admin | दिसम्बर 5, 2024 6:56 अपराह्न
लोकसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण आज दिन भर के लिए स्थगित
