रूस द्वारा यूक्रेन के गैस उत्पादन संयंत्रों पर आज मिसाइल और ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन की सरकारी ऊर्जा कंपनी नाफ्टोगाज़ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सर्गेई कोरेत्स्की ने बताया कि रूस की सेना ने पोल्टावा और खार्किव क्षेत्रों में स्थित गैस उत्पादन संयंत्रों पर हमला किया। उन्होंने कहा कि इन हमलों में तीन कर्मचारी और दो आपातकालीन सेवा कर्मी मारे गए, जबकि 37 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोद्यमिर ज़ेलेंस्की ने हमलों की निंदा की है।
इस बीच, यूक्रेन ने आज रूस की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरियों में से एक पर हमला किया। हमले के कारण किरीशी शहर के एक औद्योगिक क्षेत्र में आग लग गई। आग पर काबू पा लिया गया है।
वहीं, रुस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने कल रात विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 300 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।