राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने 13 राज्यों की 46 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में 25 सीटें जीतकर भारी जीत दर्ज की।
वहीं, केरल की वायनाड संसदीय सीट से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने चार लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की।
महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा के डॉ. संतूकराव हंबार्डे, कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी रवींद्र चव्हाण से आगे चल रहे हैं।
बिहार में तरारी और रामगढ़ सीट पर भाजपा और इमामगंज सीट से हिन्दुस्तानी आवाम मार्चा ने जीत हासिल की है। वहीं बेलागंज सीट से जनता दल-यूनाइटेड का उम्मीदवार विजयी रहा है।
पंजाब में गिद्दड़बाहा, चब्बेवाल और डेरा बाबा नानक सीट से आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है। वहीं बरनाला से कांग्रेस पार्टी जीती है।
कर्नाटक की सभी तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गई हैं।
मेघालय में सत्तारूढ़ एन.पी.पी. पार्टी ने एकमात्र सीट गमबेग्रे जीती है।
उत्तराखंड में भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल ने केदारनाथ सीट पर सफलता पाई है।
असम में धोलाई, बेहाली और सामगुढ़ी सीट, भाजपा ने जीती है। सिदली सीट पर यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने जीत हासिल की है। वहीं, बोंगई गांव सीट पर असमगढ़ परिषद विजयी रही है।
केरल में, पालाक्काड़ सीट कांग्रेस को मिली है। वहीं, चेलाक्करा सीट से कम्युनिस्ट पार्टी ने जीत दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश में मीरापुर, कटहरी, मझावा, गाजियाबाद, खैर, कुंदरकी और फूलपुर सीट से भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं, करहल और सीसामऊ सीट से समाजवादी पार्टी जीती है।
मध्य प्रदेश में, सत्तारूढ़ भाजपा ने बुधनी सीट जीत ली है, जबकि कांग्रेस ने विजयपुर सीट जीती है।
छत्तीसगढ़ और गुजरात की एक-एक सीट पर भाजपा विजयी हुई है।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने सभी छह सीटें जीती हैं।
राजस्थान की सात में से पांच सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट जीती है वहीं, दौसा सीट से कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
सिक्किम में सत्तारूढ़ एस के एम पार्टी के 2 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं।