मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 7, 2025 2:06 अपराह्न

printer

सभी राजनीतिक दलों ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की

सभी राजनीतिक दलों ने भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर, पहलगाम में देश के निर्दोष भाइयों की निर्मम हत्‍या का भारत का जवाब है।

 

उन्‍होंने कहा कि मोदी सरकार भारत और इसके लोगों पर किसी भी हमले का समुचित जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री शाह ने कहा कि भारत आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़ संकल्‍प है।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सशस्‍त्र सेनाओं की सराहना की है। विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने कहा कि विश्‍व को आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त नहीं करना चाहिए। भाजपा अध्‍यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि देश आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने में सक्षम और कृत संकल्‍प है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने भी बदले की कार्रवाई की सराहना की है।

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि उन्‍हें सशस्‍त्र सेनाओं पर गर्व है।

 

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और तमिलनाडु के मुख्‍यमंत्री एम. के. स्‍टालिन ने कहा कि तमिलनाडु आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना के साथ खड़ा है। तेलुगुदेसम पार्टी प्रमुख और आंध्रप्रदेश के मुख्‍यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बैनर्जी, समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, राष्‍ट्रीय जनता दल के तेजस्‍वी यादव और बीजू जनता दल प्रमुख नवीन पट्नायक ने इस कार्रवाई के लिए सेना को सलाम किया है।

 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकी हमले में पीड़ित बहिनों को न्याय दिलाया है और इस समय पूरा देश संतुष्ट है। उन्होंने इस फैसले के लिए सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को सलाम किया।

 

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्‍द केजरीवाल ने कहा कि भारतीय सेना के साहस से हर नागरिक आश्‍वस्‍त है। जनता दल यूनाइटेड के वरिष्‍ठ नेता और बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतिश कुमार ने भी कहा है कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और उसे भारतीय सेना के साहस और शूरवीरता पर गर्व है।

 

भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी (मार्क्‍सवादी) तथा कुछ अन्‍य दलों ने भी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि उन्‍हें भारतीय सेना पर अभिमान है।

 

बिहार में, ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के खिलाफ भारतीय सेना की दृढ़ कार्रवाई को सभी तरफ से सर्वसम्मत समर्थन मिला है। जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग, राजनीतिक दल और संगठन ने तहे दिल से समर्थन व्यक्त किया है और साहसी कार्रवाई को सलाम किया है।

 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पूरे देश को भारतीय सेना की क्षमताओं पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारतीयों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा मारे गए निर्दोष पर्यटकों के लिए सशस्त्र बलों का बदला है।

 

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में संचालित आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाने वाले ऑपरेशन सिंदूर के सफल निष्पादन के लिए भारतीय सेना की सराहना की है।

 

यह ऑपरेशन पहलगाम में हुए हालिया आतंकवादी हमले के खिलाफ एक मजबूत जवाबी कदम के रूप में किया गया था।

 

आज जारी एक बयान में, मुख्यमंत्री ने आतंकवाद के प्रति निर्णायक प्रतिक्रिया के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना को बधाई दी। उन्होंने पुष्टि की कि पुडुचेरी सरकार आतंकवाद से लड़ने और राष्ट्र की सुरक्षा की रक्षा के लिए उठाए गए सभी कार्यों में केंद्र के साथ मजबूती से खड़ी है।

 

 

विपक्ष के नेता और राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि भारतीय सेना ने एक बार फिर अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया है कि वे देश की सुरक्षा पर नजर रखने वाले आतंकवादी और अलगाववादी ताकतों को ध्वस्त कर सकते हैं।

सर्वाधिक पठित

सम्पूर्ण जानकारी

18/05/25 | 8:30 अपराह्न

तिरंगा विजय यात्रा

09/04/25 | 6:14 अपराह्न

पोषण पखवाड़ा 2025

13/03/25 | 6:26 अपराह्न

विश्व किडनी दिवस

09/02/25 | 8:17 अपराह्न

परीक्षा पे चर्चा

08/02/25 | 7:40 अपराह्न

विधानसभा उपचुनाव

02/02/25 | 3:15 अपराह्न

हेरोइन की खेप बरामद

30/01/25 | 9:00 अपराह्न

सर्वदलीय बैठक

30/01/25 | 8:43 अपराह्न

सीबीआई ने ली तलाशी

02/01/25 | 9:04 अपराह्न

शीतलहर का अनुमान

01/01/25 | 7:59 अपराह्न

ऑपरेशन बुलेट राजा

23/11/24 | 4:39 अपराह्न

झारखंड ताज़ा रुझान 

22/09/24 | 9:03 अपराह्न

खेल की दुनिया से….

11/09/24 | 7:38 अपराह्न