राजधानी में आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में भारत मौसम विभाग के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि आज शाम से लेकर आने वाले दो से तीन दिनों में शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में आज दोपहर के समय दिनभर धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पडा। मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान सामान्य से एक दशमलव नौ डिग्री अधिक 41 दशमलव आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक दशमलव छह डिग्री कम 29 दशमलव छह डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। कल का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है।