रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
श्री सिंह ने सीमा पार आतंकवाद के विरुद्ध आत्मरक्षा में जवाब देने के भारत के अधिकार पर बल दिया। उन्होंने पाकिस्तान के प्रति नई दिल्ली की प्रतिक्रिया को नपा-तुला, गैर-उग्र, आनुपातिक और दायित्वपूर्ण बताया। रक्षामंत्री ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट में पहलगाम में आतंकी हमले के विरुद्ध भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्ण समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
दोनों नेताओं ने ऑस्ट्रेलिया-भारत संयुक्त अनुसंधान परियोजना पर हस्ताक्षर करने का स्वागत किया। रक्षा उद्योग सहयोग को तेज करने और विविधता लाने पर सहमति भी व्यक्त की गई। उन्होंने इस वर्ष के अंत में ऑस्ट्रेलिया में तीसरी भारत-ऑस्ट्रेलिया टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय बैठक में रक्षा विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया। नवंबर 2023 में हुई पिछली टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता की प्रगति की भी समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर की पांचवीं वर्षगांठ पर, दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त किया। दोनों देशों ने मुक्त हिंद महासागर और प्रशांत द्वीप क्षेत्र की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को निरंतर मजबूत करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, समृद्धि, स्थिरता और प्रगति के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। इससे पहले श्री मार्लेस को राष्ट्रीय राजधानी के मानेकशॉ केंद्र में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। श्री मार्लेस ने राष्ट्रीय समर स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।