मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान गुजरात, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने का अनुमान लगाया है। विभाग ने अगले 3 दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में भी इसी तरह की स्थिति का अनुमान लगाया है। इस बीच, उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में लू की स्थिति में भी कमी आएगी। मौसम विभाग ने आज भीषण लू के चलते राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मौसम वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा कि आज भी इन इलाकों में रात के समय गर्म हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के लिए तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, कोंकण और गोवा में अत्यधिक भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट भी जारी किया है।