मेघालय में आज सुबह पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के थांगस्को क्षेत्र में एक कोयला खदान में हुए विस्फोट में 18 लोगों की मौत हो गई। कई लोग अभी भी खदान के अंदर फंसे हुए हैं। जिले के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पुलिस और आपदा प्रबंधन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। शुरूआती रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि यह विस्फोट खनन गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले उच्च तीव्रता वाले डायनामाइट के विस्फोट के कारण हुआ। विस्फोट से आसपास की खदान की शाफ्टें ढह गईं, जिससे मजदूर गहराई फंस गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रभाव इतना भीषण था कि पास की खदान की संरचनाएं ढह गईं, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ रही है। एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि खदान अवैध रूप से चल रही थी, जो सुरक्षा नियमों और क्षेत्र में रैट-होल माइनिंग पर मौजूदा सरकारी प्रतिबंधों का उल्लंघन था। बचाव और तलाशी अभियान जारी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को पचास हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने एक ट्वीट में जानमाल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घटना की जांच के आदेश दिए। और जानकारी की प्रतीक्षा है।