मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने आज बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने पहले केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बनाए गए बेली ब्रिज और आस्था पथ पर बने रेन शेल्टरों का भी निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि कतार में खड़े यात्रियों को गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि वे ठंडे मौसम में भी आरामदायक अनुभव प्राप्त कर सकें।
मुख्य सचिव ने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव का भी निरीक्षण किया। इन स्थलों पर उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएंगी।
इसके बाद मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बदरीनाथ पहुंचकर धाम में चल रहे मास्टर प्लान कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एराइवल प्लाजा, सिविक एनीमिटी सेंटर, बदरीश व शेष नेत्र झील, रिवर फ्रंट और हॉस्पिटल का निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को सिविक एमिनिटी सेंटर, एराइवल प्लाजा और टूरिज्म मैनेजमेंट सेंटर को मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्य सचिव को मास्टर प्लान कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।