मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में शिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां शिप्रा तीर्थ परिक्रमा केवल यात्रा नहीं यह शिप्रा तट पर स्थित पुरातात्विक, आध्यात्मिक स्थलों के महत्व को बढ़ाने, सहेजने, संवारने का माध्यम बनेगी। मुख्यमंत्री ने रामघाट पर शिप्रा की पूजा-अर्चना अभिषेक और आरती कर ध्वज का पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश में जल एवं पर्यावरण संरक्षण, नदी पुनरूद्धार एवं पौधरोपण के कार्य किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने एक अन्य कार्यक्रम में उज्जैन में खुली जेल कॉलोनी भैरवगढ़ का लोकार्पण किया। यहां 20 बंदी क्षमता की खुली जेल का निर्माण किया गया है, जिसमें बंदी अपने परिवार सहित निवास कर सकेंगे। इस खुली जेल की निर्माण लागत 3 करोड़ 25 लाख 48 हजार रुपए है।