अप्रैल 29, 2026 8:52 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र सरकार ने निवेश, नवाचार और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए एआई नीति 2026 की घोषणा की

महाराष्ट्र सरकार ने आज राज्य में निवेश, नवाचार और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृत्रिम बुद्धिमत्ता नीति 2026 की घोषणा की। यह निर्णय मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। इस नीति के अन्‍तर्गत राज्य को 10 हजार करोड़ से अधिक के निवेश और डेढ़ लाख से अधिक नौकरियों के सृजन की उम्मीद है। कैबिनेट ने महाराष्ट्र भर में छह एआई उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना और अनुसंधान एवं उद्योग सहयोग को बढ़ावा देने के लिए पांच एआई नवाचार शहरों के विकास को भी मंजूरी दी।

एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में राज्‍य कैबिनेट ने प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस में डॉ. भीम राव अंबेडकर के नाम पर एक पीठ की स्थापना को मंजूरी दी। सरकार ने 300 करोड़ पौधों के एक महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण अभियान और पर्यावरण संबंधी पहलों को मजबूत करने के लिए एक हरित महाराष्ट्र आयोग के गठन की भी घोषणा की।

कैबिनेट ने उच्च माध्यमिक शिक्षा के बाद शिक्षा प्राप्त कर रहे दिव्यांग छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इस योजना में प्रवेश शुल्क, शिक्षण शुल्क, पंजीकरण शुल्क और पुस्तकालय एवं चिकित्सा परीक्षा शुल्क सहित अन्य संस्थागत लागतें शामिल होंगी।