अगस्त 28, 2025 2:28 अपराह्न

printer

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग तीसरे दिन भी बंद

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर-रामबन क्षेत्र में भारी बारिश से हुए भूस्खलनों के कारण रणनीतिक जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH44) आज लगातार तीसरे दिन यातायात के लिए बंद रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण मार्ग में विभिन्न स्थानों पर 600 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी मार्ग, 250 किलोमीटर लंबा यह मार्ग, उधमपुर जिले में जखेनी और चेनानी के बीच कई स्थानों पर हुए भूस्खलनों के कारण अवरुद्ध हो गया है।

 

जम्मू के नगरोटा से रियासी, चेनानी, पटनीटॉप, डोडा, रामबन, बनिहाल, श्रीनगर की ओर किसी भी वाहन की आवाजाही की अनुमति नहीं है। कटरा और उधमपुर शहरों के यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी पहचान साबित करने के लिए अपने फोटो पहचान पत्र साथ रखें ताकि उनकी आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। हालांकि, सीमा सड़क संगठन के कर्मचारी और मशीनें मंगलवार को मूसलाधार बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद राजमार्ग पर लगे अवरोधों को हटाने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं।

 

किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग राजमार्ग भी वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। यातायात परामर्श के अनुसार, जम्मू क्षेत्र के राजौरी और पुंछ, दो सीमावर्ती जिलों को कश्मीर क्षेत्र के शोपियां जिले से जोड़ने वाले ऐतिहासिक मुगल रोड पर हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी जाएगी, बशर्ते मौसम साफ रहे और सड़क की स्थिति अच्छी रहे। साथ ही सड़क रखरखाव एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद ऐसा किया जा सकेगा। इन वाहनों को पुंछ के बेहरामगला और शोपियां के हरपोरा से सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच अनुमति दी गई है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला