केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज कहा कि भारत इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए आवश्यक चिप्स के स्वदेशी डिजाइन और निर्माण के लिए एक आवश्यक पारिस्थितिकी तंत्र के साथ तैयार है। वे आज बेंगलुरु में ब्रिटेन स्थित सेमीकंडक्टर निर्माण एवं प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करने के बाद मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर मिशन ने 278 विश्वविद्यालयों और संस्थानों को सहयोग दिया, जिसके परिणामस्वरूप छात्रों ने देश में 28 चिप्स डिजाइन किए। उन्होंने बताया कि जनवरी 2022 में शुरू हुआ सेमीकंडक्टर मिशन, चिप निर्माण के लिए देश में आवश्यक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने पर केंद्रित था और आज देश में ऐसी 10 इकाइयाँ निर्माणाधीन हैं, जिनमें से एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पहले से ही चिप्स का निर्माण कर रही है। मंत्री ने बताया कि सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 के तहत, देश में चिप्स के निर्माण के लिए आवश्यक उपकरणों और सामग्री पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।