कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी समुदायों में फूट डालने के लिए वक्फ संशोधन अधिनियम लायी है। बक्सर के दलसागर खेल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए श्री खरगे ने आरोप लगाया कि नया वक्फ अधिनियम समाज में दरार पैदा करने का षड्यंत्र है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा और जनता दल यूनाइटेड गठबंधन अवसरवादी है। श्री खरगे ने दावा किया कि बिहार के लोग आगामी विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को नकार देंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के लिए सवा लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा भाजपा का एक छलावा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसका उत्तर देना चाहिए।
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस नेता के इस आरोप का खंडन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि श्री खरगे लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को विकास के लिए तीन लाख करोड रुपये का पैकेज दिया गया है।